क्वेटा। पाकिस्तान के कब्जे वाले बलूचिस्चतान की राजधानी क्वेटा में आज पाक आर्मी पर बड़ा फिदायीन हमला हो गया। बलूच लिब्रेशन आर्मी ने पाकिस्तान सैनिकों से भरी ट्रेन को ही उड़ा दिया। इस भीषण हमले में 23 पाकिस्तानी सैनिकों के मौत की खबर है। शुरुआती रिपोर्टों के मुताबिक 47 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हैं।

मृतकों का आंकड़ा अभी और बढ़ने की आशंका है। प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन बलूच लिबरेशन आर्मी (BLA) ने एक बयान भी जारी किया जिसमें उन्होंने इस बड़े आत्मघाती हमले की आधिकारिक जिम्मेदारी ले ली है। यह हमला रविवार सुबह करीब 8:00 बजे उस वक्त हुआ, जब क्वेटा छावनी (Quetta Cantt) से सैन्य कर्मियों को लेकर एक ट्रेन शहर की तरफ बढ़ रही थी। जैसे ही ट्रेन 'चमन फाटक' के पास पहुंची, तभी उसे एक जोरदार धमाके से उड़ा दिया गया।

रिपोर्ट्स के मुताबिक धमाका इतना शक्तिशाली था कि इसकी गूंज काफी दूर तक सुनी गई है। ब्लास्ट के कारण ट्रेन पटरी से उतर गई और उसकी बोगियां भी क्षतिग्रस्त हो गईं। धमाके के तुरंत बाद घटनास्थल पर सुरक्षा बलों और हमलावरों के बीच भीषण गोलीबारी शुरू हो गई, जो अभी भी जारी है। पूरे इलाके को सेना ने चारों तरफ से घेर लिया है।

बलूच लिबरेशन आर्मी (BLA) के प्रवक्ता जीयंद बलोच ने 24 मई 2026 को मीडिया के लिए जारी एक आधिकारिक बयान में इस हमले की पूरी जिम्मेदारी ली है। बीएलए ने बयान जारी कर बताया कि इस सुबह, बलूच लिबरेशन आर्मी की फिदायीन (आत्मघाती) यूनिट 'मजीद ब्रिगेड' के प्रवक्ता जीयंद बलोच ने बताया कि क्वेटा कैंट से दुश्मन सेना के जवानों को ले जा रही ट्रेन को एक बेहद सुनियोजित फिदायीन हमले में निशाना बनाया है। इस हमले में दुश्मन सेना को हुए जान-माल के भारी नुकसान की विस्तृत जानकारी जल्द ही जारी की जाएगी। 

धमाके की सूचना मिलते ही भारी संख्या में एम्बुलेंस और सुरक्षा बल घटनास्थल की ओर रवाना हो गए हैं। घायल सैनिकों और यात्रियों को निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है। इस हमले के बाद क्वेटा के सभी प्रमुख अस्पतालों (सिविल हॉस्पिटल और CMH) में आपातकाल लागू कर दी गई है। सभी डॉक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ को तुरंत ड्यूटी पर बुला लिया गया है। घटनास्थल पर मलबे और बोगियों के नीचे अभी भी कई लोगों के दबे होने की खबर है, जिसके कारण हताहतों की संख्या में भारी इजाफा हो सकता है।