पुरी। ओडिशा के पुरी में बुधवार रात भगवान जगन्नाथ की चंदन यात्रा के दौरान पटाखे फटने से कई श्रद्धालु झुलस गए। पुलिस ने बताया कि सभी घायलों को जिला मुख्यालय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें कुछ मरीजों की हालत गंभीर है। घटना को लेकर मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने दुख जताया है साथ ही मुख्यमंत्री राहत कोष से घायलों के इलाज का खर्च वहन करने का ऐलान किया है।

पुलिस ने बताया कि चंदन यात्रा उत्सव के लिए सैकड़ों लोग नरेंद्र पुष्करिणी सरोवर पर इकट्ठा हुए थे। इसी दौरान श्रद्धालुओं का एक ग्रुप आतिशबाजी कर रहा था, जिसकी एक चिंगरी पटाखों के ढेर में गिर गई और उसमें धमाका होने लगा। पुलिस ने आगे बताया कि जलते हुए पटाखे वहां आए लोगों पर गिरे। इससे अफरा-तफरी मच गई। उनमें से कुछ ने खुद को बचाने के लिए जलाशय में छलांग लगा दी। 

हादसे में 15 लोग झुलस गए, जिनमें चार की हालत गंभीर बताई जा रही है। ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने घटना को लेकर ट्वीट कर कहा कि पुरी नरेंद्र पूल के पास दुर्घटना के बारे में सुनकर दुख हुआ। मुख्य प्रशासनिक सचिव और जिला प्रशासन को घायलों का उचित इलाज करवाने और व्यवस्था की निगरानी करने का निर्देश दिया गया है।

केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने भी घटना पर दुख जताया है। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि पुरी चंदन यात्रा के दौरान नरेंद्र पुष्करिणी देवीघाट पर हुई दुर्भाग्यपूर्ण दुर्घटना में कई लोगों के घायल होने की खबर सुनकर मुझे दुख हुआ है। भगवान से मेरी विनती है कि जिन लोगों का इलाज चल रहा है, वे जल्द स्वस्थ होकर घर लौटें।