अहमदाबाद। गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री माधव सिंह सोलंकी का निधन हो गया है। कांग्रेस नेता माधव सिंह सोलंकी का शनिवार सुबह निधन हो गया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक पूर्व विदेश मंत्री माधव सिंह सोलंकी की मृत्यु पर गुजरात में एक दिवसीय राजकीय शोक घोषित किया गया है।

माधव सिंह सोलंकी का जन्म 30 जुलाई, 1927 को गुजरात के कोली परिवार में हुआ था। वे 93 वर्षीय थे। माधव सिंह सोलंकी के निधन की खबर सुनकर राजनीतिक गलियारों में मायूसी पसर गई है। 

पीएम ने जताया शोक 

माधव सिंह सोलंकी के निधन की खबर सुनकर प्रधानमंत्री मोदी ने शोक जताया है। मोदी ने कहा कि माधव सिंह सोलंकी जी ने दशकों तक गुजरात की राजनीति में अहम भूमिका निभाई। वे हमेशा समाज के प्रति उनके सेवा के लिए जाने जाएंगे। उनके निधन से काफी दुखी हूं। उनके बेटे भारत सोलंकी से बात कर अपनी संवेदनाएं प्रकट की हैं।

चार बार रहे गुजरात के मुख्यमंत्री

माधव सिंह सोलंकी चार मर्तबा गुजरात के मुख्यमंत्री रह चुके थे। राजनीतिक के क्षेत्र में उनकी सफलता का श्रेय खाम फॉर्मूले को दिया जाता था। क्षत्रिय, हरिजन, आदिवासी और मुसलमान को एक साथ जोड़ने वाले इस KHAM फॉर्मूले के जरिए उन्होंने बरसों तक गुजरात की राजनीति में अपना दबदबा कायम रखा।