कुल्लू। हिमाचल प्रदेश में बीती रात से हो रही बारिश से जगह-जगह भूस्खलन और नुकसान की सूचना लगातार सामने आ रही हैं। इसी क्रम में कुल्लू में बादल फटने की जानकारी सामने आ रही है। बादल फटने से बड़ी तबाही की आशंका है। बताया जा रहा है कि कई लोग बाढ़ में पानी के साथ बह गए हैं।



रिपोर्ट्स के मुताबिक कुल्लू जिले की मणिकरण घाटी के चोज गांव में सुबह के समय नाले में बादल फट गया। नाले में बादल फटने के चलते कुछ घर भी इसकी चपेट में आ गए है। इसके अलावा गांव की ओर जाने वाला पुल भी क्षतिग्रस्त हो गया है। यहां बाढ़ आने से एक कैंपिंग साइट बह गई है और चार लोग लापता हैं। कुल्लू के एडीएम प्रशांत सरकैक ने मामले की पुष्टि की है।





कुछ घर भी पानी की चपेट में आए हैं और गांव की ओर जाने वाला पुल क्षतिग्रस्त हो गया है। मलाणा में डैम साइट पर महिला डूब गई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस व प्रशासन की टीम भी मौके की ओर रवाना हो गई है। प्रशासन ने लोगों से आग्रह किया है कि बरसात के मौसम को ध्यान में रखते हुए लोग नदी-नालों के किनारे न जाएं। 



मिली जानकारी के अनुसार कुल्लू में रात से ही बारिश हो रही थी। उधर देर रात हुई बारिश से राजधानी शिमला के ढली टनल के पास भी भूस्खलन की घटना सामने आई है। जिसमें एक महिला की मौत हो गई है जबकि दो अन्य घायल हैं। जिन्हें उपचार के लिए IGMC अस्पताल भेजा गया है। भूस्खलन की चपेट में दो वाहन आए हैं जिसमें एक वैन पर चट्टान गिरने से यह हादसा हुआ है।



गौरतलब है कि मॉनसून के शुरुआती एक सप्ताह में ही हिमाचल में 40 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई है। इसमें सड़क हादसे भी शामिल हैं। राजस्व विभाग के अनुसार अब तक 1 करोड़ 32 लाख रूपए से ज्यादा की संपत्ति का नुकसान हुआ है।