पटना। नीतीश कुमार की अपनी ही पार्टी के विधायक ने बिहार में लागू शराबबंदी कानून की पोल खोल कर रख दी है। जेडीयू विधायक ने अपनी ही पार्टी के सांसद पास शराब का धंधा करने का आरोप लगाया है। इतना ही नहीं जेडीयू विधायक ने जेडीयू सांसद पर गांजे की खेती करवाने का आरोप लगाया है।  

यह खुलासा भागलपुर की गोपालपुर सीट से विधायक गोपाल मंडल ने किया है। उन्होंने भागलपुर से जेडीयू के सांसद अजय मंडल पर कई संगीन आरोप लगाए हैं। इस्लामपुर में एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए गोपाल मंडल ने कहा कि जो ट्रैक्टर पर दारू भिजवाते हैं और गांजे की खेती करवाते हैं, वे हमारी पार्टी के सांसद हैं। 

गोपाल मंडल इस्लामपुर में जिला परिषद सदस्य के पद पर चुनाव लड़ रहीं अपनी पत्नी के समर्थन में वोट मांग रहे थे। इसी दौरान उन्होंने सांसद अजय मंडल पर जमकर हमले बोले। गोपाल मंडल ने कहा कि चुनाव जीतने के बाद सांसद जी ने एक बार भी जनता को दर्शन नहीं दिए। 

गोपाल मंडल के इस बयान पर अजय मंडल की ओर से भी प्रतिक्रिया आई है। अजय मंडल ने गोपाल मंडल के बयान पर पलटवार करते हुए कहा है कि जो खुद जैसा होता है, उसे दुनिया भी वैसी ही नज़र आती है। 

गोपाल मंडल अपने बयानों के लिए अक्सर चर्चा में रहते हैं। गोपाल मंडल पहली बार सुर्खियों में तब आए थे, जब ट्रेन के भीतर अंडरगार्मेंट पहने उनका वीडियो वायरल हुआ था।