बदलापुर। महाराष्ट्र के बदलापुर एमआईडीसी इलाके में गुरुवार देर रात एक फैक्ट्री में केमिकल गैस लीक होने के बाद अफरातफरी मच गई। फैक्ट्री से निकले इस गैस ने लगभग तीन किलोमीटर के क्षेत्र को अपने जद में ले लिया। इसके बाद स्थानीय लोगों की तबियत बिगड़ने लगी। गैस लीक होने की जानकारी मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम ने मोर्चा संभाला और रिसाव पर काबू पाया।

जानकारी के मुताबिक बदलापुर एमआईडीसी क्षेत्र में स्थित नोबल इंडिया मीडिया प्राइवेट लिमिटेड में गुरुवार रात करीब 10 बजकर 22 मिनट पर गैस रिसाव की यह घटना हुई। इसके बाद आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों को सांस लेने में दिक्कत, उल्टी, मितली,आंख में जलन की शिकायत हुई। मामले की जानकारी मिलते ही दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची और इलाके का मुआयना किया। फायर ब्रिगेड ने करीब 11 बजकर 24 मिनट पर रिसाव को रोका। 

बताया जा रहा है कि गैस का रिसाव होने की खबर फैलने के इलाके में भगदड़ मच गई थी। कई लोग हांफते और उल्टियां करते हुए गैस के प्रभाव से बचने के लिए सुरक्षित स्थानों पर भागते दिखे। इस दौरान फैक्ट्री वालों से लेकर फायर ब्रिगेड और पुलिस ने लोगों को समझाने का प्रयास किया। पुलिस ने जब अनाउंसमेन्ट किया कि गैस जहरीली नहीं है तब जाकर लोग शांत हुए।

यह भी पढ़ें: मध्यप्रदेश के 3000 जूनियर डॉक्टरों ने दिया सामूहिक इस्तीफा, फ़्लैशलाइट में निकाला मार्च

गैस रिसाव की इस पूरे घटना में अबतक किसी के भी हताहत होने की खबर नहीं है। इलाके में अब माहौल भी शांत हो गया है। कई लोगों को ऐहतियात के तौर पर नजदीकी अस्पतालों में भर्ती करवाया गया था जहां फर्स्ट एड देकर उन्हें डिस्चार्ज किया गया। ठाणे नगर निगम ने बताया कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। जानकारी के मुताबिक कंपनी एक रिएक्टर में कच्चे तेल के लिए दो रसायनों सल्फ्यूरिक एसिड और बेंजीन डिहाइड्रेट को मिलाती है। हालांकि आवश्यक तापमान को नियंत्रित करने के दौरान हुई गलती की वजह से रिएक्टर से हवा का रिसाव हो गया।