मुंबई। वसूली के आरोपों में घिरे पूर्व मुंबई पुलिस कमिश्नर परमबीर सिंह को निलंबित कर दिया गया है। महाराष्ट्र सरकार ने परमबीर सिंह के निलंबन को लेकर आदेश जारी कर दिए हैं। परमबीर सिंह के साथ साथ उनके साथ पराग मनेरे को भी निलंबित किया गया है। 

परमबीर सिंह को सेवा नियमों के उल्लंघन और दर्ज मुकदमों के चलते निलंबित किया गया है। परमबीर सिंह के निलंबन की मंजूरी मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने पिछले महीने रीढ़ की सर्जरी कराने के बाद दी थी। मार्च महीने में परमबीर सिंह को मुंबई के पुलिस कमिश्नर से हटा कर महाराष्ट्र के होम गार्ड विभाग का प्रमुख नियुक्त किया गया था। 

लेकिन इसके बाद परमबीर सिंह वसूली के आरोपों में घिर गए। परमबीर सिंह ने 29 अगस्त तक की छुट्टी ली हुई थी। लेकिन इसके तीन महीने बाद भी परमबीर सिंह ड्यूटी पर उपस्थित नहीं हुए। इन्हीं कारणों से उन्हें निलंबित कर दिया गया। 

परमबीर सिंह के साथ साथ अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पराग मनेरे को भी निलंबित किया गया है। पराग मनेरे परमबीर सिंह के कमिश्नर रहते समय ठाणे और मुंबई में बतौर डीसीपी तैनात थे।