नई दिल्ली। देश की राजधानी नई दिल्ली के विधानसभा परिसर में सोमवार दोपहर करीब 2 बजे सुरक्षा व्यवस्था में गंभीर चूक सामने आई। यहां उत्तर प्रदेश नंबर की एक टाटा सिएरा कार वीआईपी गेट नंबर-2 की बैरिकेडिंग तोड़ते हुए अंदर घुस गई। कार चला रहा शख्स नकाब पहने हुए था। वह सीधे विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता के कार्यालय की ओर पहुंचा और पोर्च के पास एक गुलदस्ता रखा। इसके बाद वह कार समेत मौके से फरार हो गया।

घटना के तुरंत बाद दिल्ली पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियां सक्रिय हो गई। जांच के दौरान किसी भी तरह का विस्फोटक या संदिग्ध सामग्री नहीं मिली लेकिन इसे गंभीर सुरक्षा उल्लंघन माना गया है। कुछ ही घंटों में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए ड्राइवर समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और कार को भी बरामद कर लिया।

यह भी पढ़ें:भोपाल में मंत्री विश्वास सारंग के सरकारी बंगले में चोरी, स्टोर रूम से ट्रॉफियां और मोमेंटो ले उड़े चोर

कार रूप नगर इलाके से बरामद हुई है। वहीं, मुख्य आरोपी की पहचान सरबजीत सिंह के रूप में हुई है। अन्य दो आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए दिल्ली पुलिस कमिश्नर सतीश गोलचा भी विधानसभा पहुंचे और अधिकारियों से पूरी घटना की जानकारी ली।

प्राथमिक जानकारी के अनुसार, घटना के समय वीआईपी गेट पर सीआरपीएफ की तैनाती थी। बावजूद इसके वाहन ने लोहे का गेट और बैरियर तोड़कर प्रतिबंधित क्षेत्र में प्रवेश कर लिया। घटना के वक्त स्पीकर विजेंद्र गुप्ता अपने कार्यालय में मौजूद थे। जानकारी के मुताबिक, आरोपी ने स्पीकर की गाड़ी के पास भी जाने की कोशिश की थी और वहां कुछ रखने का प्रयास किया था। हालांकि, इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

यह भी पढ़ें:पूर्व CM के बेटे अमित जोगी को उम्रकैद की सजा, जग्गी हत्याकांड में हाईकोर्ट का बड़ा फैसला

पुलिस अब विधानसभा परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि घटना के हर पहलू को स्पष्ट किया जा सके। गौरतलब है कि हाल ही में विधानसभा को बम से उड़ाने की धमकियां भी मिल चुकी हैं। वहीं, इससे पहले 20 अगस्त 2025 को दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर जनसुनवाई के दौरान हमला भी हुआ था। उस दौरान आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया था।