खंडवा में बोलेरो की टक्कर से कांग्रेस नेता समेत दो की मौत, घायलों की मदद के लिए पहुंची एंबुलेंस को लौटाया

खंडवा के लछोरा गांव में बोलेरो की टक्कर से कार पलटने पर कांग्रेस नेता अजय महाजन और चालक सुनील की मौत हो गई।

Updated: Nov 13, 2026, 11:00 AM IST

मध्यप्रदेश के खंडवा जिले में गुरुवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में कांग्रेस नेता अजय महाजन और बोलेरो चालक सुनील की जान चली गई। पिपलोद थाना क्षेत्र के लछोरा गांव के पास तेज रफ्तार बोलेरो ने स्विफ्ट डिजायर कार को टक्कर मार दी जिससे कार पलट गई। हादसे में दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घटना के बाद बोलेरो सवार लोगों पर घायलों को अस्पताल पहुंचाने आई एंबुलेंस को वापस भेजने और लाठियां निकालकर विवाद करने के आरोप भी लगे हैं।

हादसा गुरुवार रात करीब 12 से 1 बजे के बीच हुआ। खकनार (बुरहानपुर) के कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष अजय महाजन अपने परिवार के सदस्यों के साथ खंडवा में पूर्व सांसद अरुण यादव के दिवाली मिलन समारोह में शामिल होने आए थे। कार्यक्रम खत्म होने के बाद वह अपने भांजे अक्षय, मामा और एक अन्य व्यक्ति के साथ स्विफ्ट डिजायर कार से घर लौट रहे थे। कार अजय के मामा चला रहे थे। इसी दौरान लछोरा गांव के नजदीक सामने से आ रही बोलेरो ने कार को जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी तेज थी कि स्विफ्ट डिजायर अनियंत्रित होकर पलट गई। दुर्घटना में कार सवार अजय महाजन की मौत हो गई। जबकि, उनके भांजे अक्षय और एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए। दूसरी ओर बोलेरो चालक सुनील ने भी हादसे में दम तोड़ दिया। दोनों घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

दुर्घटना के बाद मौके पर हुए घटनाक्रम को लेकर भी गंभीर सवाल उठे हैं। घायल अक्षय के मुताबिक, कार में सवार लोग हादसे के बाद बुरी तरह घायल अवस्था में फंसे हुए थे। उन्हें अस्पताल पहुंचाने के लिए एंबुलेंस बुलाई गई थी लेकिन मौके पर पहुंचे बोलेरो सवार लोगों ने विवाद शुरू कर दिया और एंबुलेंस को वापस जाने के लिए कहा। आरोप है कि इस दौरान उन्होंने मारपीट के इरादे से लाठियां भी निकाल ली थी। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने हस्तक्षेप कर विवाद शांत कराया और घायलों को जिला अस्पताल भिजवाने की व्यवस्था की।

हादसे में शामिल बोलेरो वाहन पर मध्यप्रदेश शासन लिखा हुआ था। इस वजह से वाहन के इस्तेमाल और उसमें सवार लोगों की भूमिका को लेकर भी जांच की जा रही है। पुलिस ने मामले में प्रकरण दर्ज कर लिया है। फिलहाल दुर्घटना के कारणों के साथ ही एंबुलेंस को लौटाने और मौके पर हुए विवाद से जुड़े आरोपों की भी पड़ताल की जा रही है।