भोपाल। राजधानी भोपाल स्थित माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय परिसर में 22 वर्षीय छात्रा से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में 40 वर्षीय अमनदीप सिंह भामरा को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि उसने शादी का वादा करके अगस्त से छात्रा का शारीरिक शोषण किया। आरोपी विश्वविद्यालय में कार्यरत एक महिला कर्मचारी का पति है और परिसर में बने आवास में रहता है।

रातीबड़ थाने के एसआई गौरव पांडेय के मुताबिक, छात्रा का आरोपी के घर आना जाना था। इसी दौरान दोनों की पहचान हुई और मोबाइल नंबर साझा होने के बाद बातचीत शुरू हो गई। आरोप है कि इस दौरान अमनदीप ने छात्रा को शादी का भरोसा दिलाया और उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए।

यह भी पढ़ें:CJP प्रवक्ता सौरव दास के विदेश जाने पर रोक, पासपोर्ट में गड़बड़ी मिलने के बाद लुकआउट सर्कुलर जारी

पीड़िता की शिकायत के अनुसार, अगस्त में आरोपी ने पहली बार उसके साथ दुष्कर्म किया था। इसके बाद करीब तीन महीने तक वह शादी का झांसा देकर उसका शारीरिक शोषण करता रहा। जब भी छात्रा शादी की बात करती तब आरोपी कोई न कोई बहाना बनाकर मामला टाल देता था। पिछले कुछ दिनों से आरोपी ने छात्रा से फोन पर बात करना भी बंद कर दिया था। इससे परेशान होकर पीड़िता बुधवार को रातीबड़ थाने पहुंची और लिखित शिकायत दर्ज कराई।

शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने पीड़िता के बयान दर्ज कर लिए हैं और मामले की आगे जांच की जा रही है।

यह भी पढ़ें:WhatsApp ने लॉन्च किया नया फीचर, यूजर्स 14 दिन पहले शेड्यूल कर सकेंगे मैसेज