मुंबई। महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में हो रही मूसलाधार बारिश ने जमकर कहर बरपाया है। यहां  मिट्टी धंसने की दो अलग-अलग घटनाओं में कम से कम 16 लोगों की मौत हो गई। चेंबूर इलाके में भारी बारिश के चलते हुए भूस्खलन में कई घर मिट्टी में समा गए। घर के मलबे में दबकर यहां करीब 12 लोगों की मौत हो गई। इस हादसे में दर्जनों लोगों के घायल होने की सूचना है। 





उधर विक्रोली में हुए भूस्खलन में चार लोगों ने मलबे में दबकर अपनी जान गंवाई है। इस हादसे में कई लोगों के घायल होने की भी आशंका है। अधिकारियों ने बताया कि मौके पर राहत और बचाव जारी है और कई लोगों को बचा लिया गया है। दरअसल, विक्रोली और चेंबूर समेत मुंबई के लगभग सभी इलाकों में कल देर रात से लेकर आज तड़के कई घंटों तक मूसलाधार बारिश हुई। बारिश के बाद भूस्खलन की घटनाओं से सभी लोग सहमे हुए हैं। 





बारिश के प्रकोप को देखते मुंबई में रेड अलर्ट भी जारी कर दिया गया है और सभी लोगों को खुले में बाहर न निकलने की सलाह दी गई है। मूसलाधार बारिश से चूनाभट्टी, सायन, दादर, गांधी मार्केट, चेंबूर और कुर्ला एलबीएस रोड के निचले इलाकों में बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई है। न्यूज़ एजेंसी एएनआई द्वारा जारी वीडियो में बोरीवली पूर्वी क्षेत्र में कारों को पानी में बहता हुआ दिखाया गया है। अधिकारियों ने बताया कि मुंबई शहर में रात आठ बजे से दो बजे के बीच 156.94 मिमी बारिश दर्ज की गई है।