नई दिल्ली। कृतज्ञ राष्ट्र 2 अक्टूबर के मौके पर सत्य और अहिंसा के पुजारी महात्मा गांधी को याद कर रहा है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, राहुल गांधी समेत देश और विदेश के तमाम नेताओं ने रविवार को बापू को याद किया। राष्ट्रपति मुर्मू, पीएम मोदी और सोनिया गांधी ने राजघाट जाकर बापू को श्रद्धांजलि दी।
पीएम नरेंद्र मोदी ने ट्वीट किया है, 'गांधी जयंती पर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि। यह गांधी जयंती कहीं अधिक खास है क्योंकि भारत आजादी का अमृत महोत्सव मना रहा है। हमेशा बापू के आदर्शों पर खरे उतरें। मैं आप सभी से गांधी जी को श्रद्धांजलि के रूप में खादी और हस्तशिल्प उत्पाद खरीदने का भी आग्रह करता हूं।'
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने राजघाट पर महात्मा गांधी को श्रद्धा सुमन अर्पित किए। बिरला ने कहा कि, 'बापू ने देश को सत्य, अहिंसा और सत्याग्रह के सिद्धांत दिए। इन सिद्धांतों पर चलते देश की आजादी का संकल्प सिद्ध हुआ। उनका स्वावलंबन का आह्वान आत्मनिर्भर भारत के निर्माण का आधार है। उनके विचार देश की उन्नति और देशवासियों का कल्याण सुनिश्चित करते।'
भारत जोड़ो अभियान पर निकले राहुल गांधी ने पार्टी के अन्य नेताओं के साथ मैसूर में आयोजित एक सभा में हिस्सा लिया। संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुतेरस ने महात्मा गांधी को याद करते हुए लोगों से हिंसा को छोड़कर बापू द्वारा दिखाए गए अहिंसा के मार्ग पर चलने की अपील की। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी के सिद्धांतों पर चलते हुए हिंसा से तौबा करें।
मंत्री अमित शाह ने भी बापू को अपनी श्रद्धांजलि अपर्ति की। उन्होंने ट्वीट किया, ‘सत्य, अहिंसा व शांति के पथप्रदर्शक महात्मा गांधीजी की जयंती पर उन्हें कोटिश: नमन करता हूं। उनके स्वदेशी, स्वभाषा, स्वराज व सहकार के विचार हर भारतीय को राष्ट्रसेवा की प्रेरणा देते रहेंगे। गांधीजी के आदर्शों पर चल मोदी सरकार भारत को आत्मनिर्भर बनाने हेतु कृतसंकल्पित है।'