नई दिल्ली। पंजाब के डीआईजी (जेल) लखमिंदर सिंह जाखड़ ने किसान आंदोलन के समर्थन में अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। जाखड़ ने बताया कि उन्होंने एक दिन पहले यानी शनिवार को ही राज्य सरकार को अपना इस्तीफा सौंप दिया है। रविवार को अपने इस्तीफे का एलान करते हुए उन्होंने कहा कि वे मोदी सरकार के नए कृषि कानूनों के विरोध में आंदोलन कर रहे किसानों के समर्थन करते हैं और इसीलिए अपने पद से इस्तीफा दे रहे हैं। 

नए कृषि कानूनों के विरोध में पंजाब की अब तक कई हस्तियों ने अपने सम्मान भी लौटाए हैं। पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल ने अपना पद्म विभूषण सम्मान लौटाया है। शिरोमणि अकाली दल (डेमोक्रेटिक) के नेता सुखदेव सिंह ढींडसा ने भी अपना पद्म भूषण सम्मान लौटाया है। इसके साथ ही अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों का भी समर्थन आंदोलनरत किसानों को मिल रहा है। 

बता दें कि दिल्ली की सीमाओं पर देश भर के किसान कृषि कानूनों के खिलाफ आंदोलन कर रहे हैं। किसानों की मांग है कि सरकार इन तीनों कानूनों को रद्द करे। लेकिन सरकार कुछ संशोधनों के अलावा कानूनों को रद्द करने पर राज़ी नहीं है। सरकार के इस रवैए के बीच आंदोलन के और तेज़ होने की संभावना जताई जा रही है।