नई दिल्ली। फ्रांस से 7 हजार किलोमीटर का सफ़र पूरा कर 5 राफेल लड़ाकू विमान बुधवार दोपहर करीब 3.15 बजे अंबाला एयरबेस पर उतरे। वायुसेना प्रमुख एयरचीफ मार्शल आरकेएस भदाैरिया समेत वेस्टर्न एयर कमांड के अधिकारियों ने राफेल की अगवानी की। अंबाला एयरबेस पर 17वीं गोल्डन एरो स्क्वॉड्रन राफेल की पहली स्क्वॉड्रन होगी। 



जब राफेल की टुकड़ी ने भारत के एयरस्पेस में प्रवेश किया, तब उसका आईएनएस कोलकाता से संपर्क हुआ। नौसेना के इस जहाज ने राफेल की टुकड़ी से संपर्क साधा और कहा- ‘एरो लीडर, हिंद महासागर में आपका स्वागत है। हैप्पी लैंडिंग, हैप्पी हंटिंग।’ रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने राफेल की लैंडिंग के तुरंत बाद ट्वीट किया। उन्होंने लिखा- भारत की सरजमीं पर राफेल का उतरना सैन्य इतिहास में एक नए युग की शुरुआत है। 





 



ज्ञात हो कि भारत और फ्रांस के बीच सुरक्षा समझौते के तहत फ्रांस की ओर से 36 राफेल विमानों की आपूर्ति होनी है। उसी समझौते के तहत राफेल के पांच विमान आज भारत पहुंचे हैं।