नई दिल्ली। कांग्रेस नेता राहुल गांधी अचानक विदेश दौरे पर चले गए हैं। राहुल गांधी निजी यात्रा पर विदेश गए हैं। कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने राहुल के विदेश जाने की पुष्टि की है। ऐसे में कांग्रेस पार्टी के स्थापना दिवस पर पार्टी मुख्यालय में झण्डा कौन फहराएगा ? इस पर फिलहाल स्थिति स्पष्ट नहीं हुई है। 

कांग्रेस पार्टी के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने न्यूज़ एजेन्सी PTI को बताया कि कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी एक निजी संक्षिप्त यात्रा पर विदेश गए हैं। सुरजेवाला ने बताया कि राहुल गांधी कुछ दिनों के लिए देश से बाहर रहेंगे। हालांकि उन्होंने यह नहीं बताया कि राहुल गांधी आखिर कहां गए हैं। 

आज कांग्रेस पार्टी का स्थापना दिवस भी है। चूंकि राहुल गांधी भारत में नहीं हैं, वहीं पार्टी की अध्यक्ष सोनिया गांधी की तबीयत नासाज होने के चलते उन्होंने कार्यक्रमों से दूरी बना रखी है। ऐसे में दिल्ली में पार्टी मुख्यालय में पार्टी का झंडा कौन फहराएगा ? इसको लेकर फिलहाल असमंजस बरकरार है।