नई दिल्ली। भले ही राहुल गांधी अमेठी से सब लोकसभा सांसद नहीं है, लेकिन संकट की इस घड़ी में भी राहुल गांधी अपने पूर्व संसदीय क्षेत्र की जनता की मदद के लिए तत्पर हैं। राहुल गांधी ने अमेठी की जनता के लिए दस हज़ार मेडिकल किट्स की व्यवस्था कराई है। ये सभी किट्स अमेठी पहुंच चुके हैं। राहुल गांधी के इस कदम के बाद उनकी सराहना हो रही है। 

अमेठी के कांग्रेस ज़िला अध्यक्ष प्रदीप सिंघल ने एक हिंदी न्यूज़ को दिए अपने एक बयान में कहा है कि राहुल गांधी द्वारा भेजे गए इन किट्स से होम आइसोलेशन में रहने वाले कोरोना मरीजों की मदद हो पाएगी। कांग्रेस ज़िला अध्यक्ष ने बताया कि कांग्रेस द्वारा चलाए जा रहे सेवा सत्याग्रह अभियान के तहत ही राहुल गांधी ने अमेठी की जनता तक यह मदद पहुंचाई है। 

यह भी पढ़ें : कोरोना से लड़ने के लिए सही नियत चाहिए, महीने में एक बार निरर्थक बात नहीं, पीएम के मन की बात पर राहुल का निशाना

हालांकि यह पहली मर्तबा नहीं है जब राहुल गांधी ने अमेठी की जनता तक इस संकर्ट काल में मदद पहुंचाई है। राहुल गांधी इससे पहले अमेठी की जनता को ऑक्सीजन सिलेंडर और ऑक्सीजन कंसंट्रेटर की व्यवस्था करा चुके हैं। राहुल गांधी की राजनीतिक पारी की शुरुआत अमेठी से ही हुई थी। इसी सीट से राहुल 2004 में जीतकर पहली बार लोकसभा पहुंचे थे। इसके बाद लगातार तीन बार वे अमेठी से ही निर्वाचित हुए। 2019 के चुनावों में स्मृति ईरानी ने राहुल गांधी को 55 हज़ार से ज़्यादा वोटों से हरा दिया। हालांकि राहुल की हार के पीछे उनका केरल की वायनाड सीट से पर्चा भरना भी एक बड़ा कारण माना गया।