पुरी। भाजपा के बड़बोले नेता व ओडिशा के पुरी लोकसभा सीट से प्रत्याशी संबित पात्रा ने एक बार फिर हिंदुओं की आस्था के साथ खिलवाड़ की है। पात्रा ने भगवान जगन्नाथ को पीएम मोदी का भक्त बताया है। उनके बयान से भगवान जगन्नाथ के लाखों भक्तों में जहां आक्रोश है वहीं कांग्रेस ने भाजपा से मांग करते हुए कहा कि उन्हें तत्काल पार्टी से बाहर किया जाए।



दरअसल, ओडिशा की पुरी लोकसभा सीट से पार्टी प्रत्याशी संबित पात्रा कल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का भव्य रोड शो देखकर इतने उत्साहित हो गए कि उन्होंने भगवान जगन्नाथ को भी पीएम मोदी का भक्त बता दिया। एक स्थानीय चैनल पर दिया गया संबित का ये बयान (उड़िया भाषा में) जैसे ही सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वैसे ही सियासत भड़क गई। हालांकि, मामला तूल पकड़ने के बाद उन्होंने इसे स्लिप को टंग करार दिया।



पात्रा के बयान पर राहुल गांधी ने कहा, 'जब प्रधानमंत्री खुद को शहंशाह और दरबारी उन्हें भगवान समझने लगें तो मतलब साफ है कि पाप की लंका का पतन नज़दीक है। करोड़ों लोगों की आस्था को चोट पहुंचाने का अधिकार मुट्ठी भर भाजपा के लोगों को आखिर किसने दिया? यह अहंकार ही उनके विनाश का कारण बन रहा है।' 





वहीं, ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने कहा, 'महाप्रभु श्री जगन्नाथ ब्रह्मांड के भगवान हैं। महाप्रभु को किसी इंसान का भक्त कहना भगवान का अपमान है। इससे दुनिया भर में करोड़ों जगन्नाथ भक्तों और ओडिया लोगों की आस्था को ठेस पहुंची है। भगवान जगन्नाथ ओडिया अस्मिता के सबसे महान प्रतीक हैं। भाजपा नेता ने ओडिया अस्मिता को चोट पहुंचाई है। राज्य के लोग इसे याद रखेंगे।' 





मामले पर कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने कहा कि अगर संबित पात्रा कांग्रेस पार्टी में होते तो यूँ भगवान जगन्नाथ के करोड़ों भक्तों की आस्था से खिलवाड़ करने पर तुरंत पार्टी से बाहर निकाल दिये जाते। प्रधान मंत्री जी, हिम्मत दिखाइए और संबित पात्रा को पार्टी से बाहर निकालिए और देश विदेश में सृष्टि के रचयिता भगवान जगन्नाथ के करोड़ों भक्तों से स्वयं माफ़ी माँगिये।