पटना। भाजपा नेता सम्राट चौधरी बिहार 24वें मुख्यमंत्री बन गए हैं। बुधवार को उन्होंने लोकभवन में पद और गोपनीयता की शपथ ली। इसी के साथ अब बिहार में सम्राट सरकार का दौर शुरू हो गया है। बिहार के सियासी इतिहास में पहली बार भाजपा का मुख्यमंत्री बना है। इसे लेकर पटना स्थित पार्टी कार्यालय में जश्न का माहौल है।

सम्राट चौधरी के साथ ही जदयू कोटे से विजय चौधरी और बिजेन्द्र यादव ने भी डिप्टी सीएम पद की शपथ ली। शपथ ग्रहण समारोह में नीतीश कुमार भी मौजूद है। नीतीश कुमार ने मंगलवार को CM पद से इस्तीफा दे दिया था। वे अब राज्यसभा के सदस्य हैं। नीतीश बिहार में 20 साल मुख्यमंत्री के पद काबिज रहे। नीतीश के इस्तीफे के बाद सम्राट चौधरी को भाजपा विधायक दल का नेता चुना गया।

भाजपा विधायक दल का नेता चुने जाने पर सम्राट चौधरी ने कहा, 'भाजपा ने मुझे काम करने का मौका दिया। राजनीतिक तौर से मैं करीब 30 साल से काम कर रहा हूं। नीतीश कुमार जी ने मुझे बहुत कुछ सिखाया है। उनके साथ रहकर सरकार चलाना सीखा। नीतीश कुमार ने जिस तरह से समृद्ध बिहार का सपना देखा, हम सब मिलकर बिहार और देश को समृद्ध बनाने का काम करेंगे।'

कुशवाहा जाति से ताल्लुक रखने वाले सम्राट चौधरी दिग्गज नेता शकुनी चौधरी के बेटे हैं। सम्राट के पिता शकुनी चौधरी अलग-अलग पार्टियों से कई बार विधायक, सांसद और मंत्री रहे हैं। समता पार्टी के संस्थापक सदस्यों में शकुनी चौधरी भी एक हैं। सम्राट चौधरी ने अपने करियर की शुरुआत राष्ट्रीय जनता दल से की थी। हालांकि, बाद में वे जदयू से होते हुए हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा और भाजपा तक आए। उन्होंने साल 2018 में भाजपा ज्वाइन किया था।