मुंबई। कोरोना वायरस के चलते मरने वालों की संख्या बढ़ रही है। महाराष्ट्र में कोरोना के केस सबसे ज्यादा आ रहे हैं। अन्य राज्यों की तुलना में यहां मृत्यु दर अधिक है।वरिष्ठ कांग्रेस नेता पूर्व सांसद और  एकनाथ गायकवाड का कोरोना की वजह से निधन हो गया है। कुछ दिन पहले उनकी कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। इलाज़ के लिए मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल भर्ती कराया गया था। जहां उनका इलाज चल रहा था, इलाज़ के दौरान सुबह 10 बजे अस्पताल में अंतिम सांस ली।


एकनाथ गायकवाड पूर्व सांसद, व मुंबई कांग्रेस के अध्यक्ष के रूप में पहचाने जाते थे। कहा जाता है महाराष्ट्र में कांग्रेस को आगे ले जाने में उनका महत्वपूर्ण योगदान था। गायकवाड का अचानक जाना मुंबई प्रदेश कांग्रेस के लिए एक बड़ा झटका है। कांग्रेस सहित तमाम राजनेता उनके निधन पर शोक व्यक्त कर रहे हैं। गायकवाड़ का शव दोपहर में उनके परिवार को सौंप दिया जाएगा, जिसके बाद उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। उनकी बेटी वर्षा गायकवाड उद्धव सरकार में शिक्षा मंत्री हैं।

गौरतलब है कि देश में सबसे ज्यादा प्रभावित राज्य महाराष्ट्र में बीते 24 घंटे में कोरोना के 66 हजार से ज्यादा नए मामले सामने आए हैं। कोरोना से 895 लोगों की जान जा चुकी है। राज्य के स्वास्थ्य विभाग के अनुसार सूबे में पिछले एक दिन में 66,358 संक्रमित मरीज़ मिले हैं, वहीं 895 लोगों की मौत हो गई। 67,752 लोग स्वास्थ्य हो कर घर गए। 

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार नए मामलों के साथ महाराष्ट्र में अब संक्रमितों का आंकड़ा 44,10,085 पर पहुंच गया है। सरकार ने बताया कि मौजूदा समय में 42 लाख से ज्यादा लोग होम क्वारंटाइन हैं और करीब तीस हजार लोग संस्थागत क्वारंटाइन हैं। इसके अलावा राज्य में 6,72,434 एक्टिव केस हैं।