तिरुवनंतपुरम। कांग्रेस की 'भारत जोड़ो यात्रा' का आज सातवां दिन है। केरल के तिरुवनंतपुरम के वेल्लायनी से आज सुबह 7 बजे राहुल गांधी समेत अन्य 'भारत यात्रियों' ने पदयात्रा की शुरुआत की। पदयात्रा में आज भी हजारों की संख्या में लोग शामिल रहे। खास बता ये है कि मूसलाधार बारिश में भी यात्रियों का उत्साह कम नहीं हुआ। 





बारिश में भी यात्रियों के कदम बढ़ते रहे। बारिश के दौरान यात्रा के संयोजक दिग्विजय सिंह सबसे आगे सेवा दल के कार्यकर्ताओं का हौसला बढ़ाते दिखे। 

बता दें कि इस ऐतिहासिक यात्रा को लेकर दक्षिण भारत के स्थानीय लोगों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। जैसे-जैसे यह पदयात्रा आगे बढ़ रही है, हजारों की संख्या में लोग इससे जुड़ते जा रहे हैं।





यात्रा के दौरान कई बार भावुक कर देने वाली घटनाएं भी सामने आ रही है। यात्रा का एक वीडियो सामने आया है जिसमें एक बुजुर्ग व्यक्ति बीच सड़क पर यात्रा का झंडा लिए भारत यात्रियों का इंतजार कर रहे थे। जैसे ही यात्रा निकट पहुंचती है बुर्जुग के आंख आंसुओं से भर जाते हैं। इस दौरान दिग्विजय सिंह उनके चरण छूते हैं और फिर गले लगाकर आगे बढ़ते हैं।





इसी तरह एक अन्य वीडियो में एक बुजुर्ग महिला राहुल की ओर दौड़ती दिखती है। सुरक्षाकर्मी उन्हें रोकने का प्रयास कर ही रहे होते हैं कि राहुल गांधी की नजर पड़ी और उन्होंने बाहें फैलाकर बुजुर्ग माता को गले लगाया। तबतक एक और महिला आ जाती है। दोनों राहुल से गले लगकर रो पड़ती हैं। यह निश्छल प्रेम ही भारत यात्रियों की ताकत बन रही है।





आज इस तरह की कई और तस्वीरें सामने आई है। राहुल गांधी ने कहा कि भारत की हर दुख भरी पुकार को हुंकार बनाएंगे। उन्होंने ट्वीट किया, 'भारत जोड़ो यात्रा के दौरान मैं जहां भी जा रहा हूं, लोग महंगाई से बहुत ज्यादा परेशान हैं। प्रधानमंत्री जनता की तकलीफ को जानबूझ कर अनदेखा कर रहे हैं। भारत की हर दुख भरी पुकार को हुंकार बनाएंगे, भारत जोड़ते जाएंगे।'





हर वर्ग के लोगों में पदयात्रा को लेकर जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। क्या बच्चे, क्या बूढ़े, क्या युवा, सभी में राहुल गांधी से मुलाकात को लेकर जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। सड़कों पर राहुल गांधी का स्वागत करने और उनसे मिलने के लिए जनसैलाब उमड़ रहा है। राहुल भी सभी लोगों से आत्मीयता के साथ मिल रहे हैं और उनकी समस्यांए भी सुन रहे हैं।