अयोध्या। 5 अगस्त को अयोध्या में राम मंदिर का भूमि पूजन होना है। इससे पहले राम जन्मभूमि न्यास तीर्थ ट्रस्ट ने मंदिर की संरचना कैसी होगी तथा निर्माण के बाद मंदिर कैसा दिखेगा इसकी तस्वीरें जारी कर दी हैं। राम मंदिर के मॉडल को वास्तुकार निखिल सोमपुरा ने डिज़ाइन किया है। अब तक मंदिर के मॉडल की जो तस्वीरें सामने आईं थी, वो एक पुराना मॉडल था जिसे निखिल के ही पिता चंद्रकांत सोमपुरा ने डिज़ाइन किया था।   

161 फीट होगी मंदिर की ऊंचाई 
राम मंदिर की ऊंचाई 161 फीट होगी तथा मंदिर की लम्बाई 280 से 300 फीट तक रह सकती है। इसके साथ ही पहले मंदिर में तीन गुम्बदों का होना तय किया गया था लेकिन अब मंदिर में तीन के बदले पांच गुम्बद होंगे। गुम्बदों के नीचे ही श्रद्धालुओं के दर्शन करने की व्यवस्था होगी। मंदिर की चोटी गर्भ गृह के ऊपर रहेगी। मंदिर में कुल तीन तल होंगे। हर तल पर 106 स्तम्भ होंगे। लिहाज़ा मंदिर में कुल 318 स्तम्भ होंगे। 

मंदिर निर्माण में कितनी लागत लगेगी?
राम मंदिर निर्माण में लगभग 100 करोड़ रुपए की लागत लगने की संभावना है। हालांकि यह धनराशि और बढ़ने की भी संभावना है।राम मंदिर निर्माण में तकरीबन साढ़े तीन साल तक का समय लगेगा।