नई दिल्ली। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए भारत की विदेश नीति और वैश्विक मंच पर देश की भूमिका को लेकर सवाल उठाए हैं। राहुल गांधी ने अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग की एक तस्वीर साझा करते हुए कहा कि यदि केंद्र में कांग्रेस की सरकार होती तो भारत के प्रधानमंत्री भी इन नेताओं के साथ एक ही टेबल पर बैठे होते। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि समझौता करने वाला प्रधानमंत्री कभी इस टेबल पर नहीं बैठ सकता।

राहुल गांधी ने शुक्रवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर तीनों वैश्विक नेताओं की तस्वीर साझा करते हुए लिखा, "अगर कांग्रेस सत्ता में होती, तो भारत के प्रधानमंत्री भी इस टेबल पर बैठे होते। एक समझौता करने वाला प्रधानमंत्री कभी इस टेबल पर नहीं बैठ सकता।"

राहुल गांधी की यह टिप्पणी अमेरिका, रूस और चीन के शीर्ष नेताओं की 19 नवंबर को चीन के शेनझेन में हुई त्रिपक्षीय बैठक के बाद आई है। इस बैठक में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग शामिल हुए थे। तीनों देशों की इस बैठक को G3 के तौर पर देखा जा रहा है। बैठक में संयुक्त राष्ट्र में सुधार, तेल उत्पादों की आपूर्ति बढ़ाने, परमाणु हथियारों से जुड़े जोखिम कम करने और वैश्विक सुरक्षा जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई। बैठक के बाद तीनों देशों की ओर से एक संयुक्त घोषणा पत्र भी जारी किया गया।

दरअसल, राहुल गांधी ने इससे पहले अमेरिका की यूनिवर्सिटी ऑफ शिकागो में छात्रों से संवाद के दौरान भी भारत की विदेश नीति पर सवाल उठाए थे। उन्होंने कहा था कि भारत को दुनिया के अहम मुद्दों पर सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए, लेकिन मौजूदा समय में भारत वैश्विक मामलों में एक साइड प्लेयर बनकर रह गया है। उन्होंने पाकिस्तान की ओर से अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत में निभाई जा रही भूमिका का जिक्र करते हुए कहा था कि भारत को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी आवाज और प्रभाव को मजबूत करने की जरूरत है।

राहुल गांधी ने गुटनिरपेक्ष आंदोलन के दौर का उल्लेख करते हुए कहा था कि पहले वैश्विक मंच पर भारत की एक अलग पहचान और प्रभाव था। भारत को फिर से उस स्थिति में अपनी भूमिका मजबूत करनी चाहिए। हालांकि, उन्होंने पाकिस्तान के साथ बातचीत को लेकर स्पष्ट किया कि जब तक पाकिस्तान भारत में आतंकवाद को बढ़ावा देना बंद नहीं करता, तब तक उससे बातचीत नहीं होनी चाहिए।