बैतूल। मध्य प्रदेश के बैतूल जिले में शराब की लत छुड़ाने के नाम पर चलाए जा रहे अवैध शिविर में जहरीला काढ़ा पीने से दो युवकों की मौत हो गई। जबकि, एक नाबालिग समेत पांच लोग बीमार हो गए। घटना हरदा रोड स्थित राजा की बैठक गांव (ढाना) की है। वहां दो बाबाओं ने शराब की लत छुड़ाने के लिए लोगों को जमरास की जड़ का काढ़ा पिलाया था। शुरुआती जांच में सामने आया है कि दोनों बाबा पिछले 20 साल से अधिक समय से इस तरह के शिविर लगा रहे थे।

घटना बुधवार दोपहर करीब 12 बजे की है। शिविर में पहुंचे करीब 12 लोगों ने दो-दो गिलास काढ़ा पिया था। कुछ ही देर बाद लोगों की तबीयत बिगड़ने लगी थी। उन्हें घबराहट और उल्टियां होने लगी थी। इस दौरान आठनेर के देहगुड़ निवासी किसान रामकिशोर झाड़े (35) और चिचोली के इमलीढ़ाना निवासी संजय उइके (22) की मौत हो गई। काढ़ा पीने से बीमार हुए अन्य पांच लोगों में संजय के भाई विजय उइके, राकेश उइके (17), देहगुड़ के मोहन अमरुते और केलबेहरा के सहादेव इवने व रामदास अहाके शामिल हैं। सभी को पहले चिचोली अस्पताल ले जाया गया। इसके बाद उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।

यह भी पढ़ें:मध्य प्रदेश में 1.17 लाख PNG कनेक्शन बेकार, घरों तक पाइपलाइन पहुंची पर गैस नहीं

पुलिस को दोपहर 3.51 बजे घटना की सूचना मिली। इसके बाद कार्रवाई करते हुए पुलिस ने शिविर चलाने वाले रमेश उइके (62), ओझा परते (60) और उनके सहयोगी शरद कड़वे को हिरासत में ले लिया है। तीनों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने काढ़े में इस्तेमाल किए गए संदिग्ध लिक्विड और जड़ी-बूटियों को जांच के लिए लैब भेजा है।

प्रारंभिक पुलिस जांच में पता चला है कि पाथाखेड़ा निवासी रमेश उइके और ओझा परते अपने सहयोगी शरद कड़वे के साथ मिलकर दो दशक से ज्यादा समय से यह गतिविधि चला रहे थे। वे हर रविवार और बुधवार को शिविर लगाते थे। वहां आने वाले लोग शरद कड़वे के मोबाइल नंबर पर पहले फोन करके अपनी बुकिंग कराते थे। इन शिविरों में शराब की लत छुड़ाने के नाम पर लोगों को काढ़ा पिलाया जाता था।

वनस्पति विज्ञान के जानकारों के मुताबिक, जमरास की जड़ में कार्डियो टॉक्सिक तत्व पाए जाते हैं। बिना शोधन के इसका सेवन हृदय और पाचन तंत्र पर गंभीर असर डाल सकता है। ऐसे में इसका काढ़ा पीना जानलेवा साबित हो सकता है। हालांकि, इस घटना में इस्तेमाल किए गए पदार्थों की वास्तविक प्रकृति का पता लैब जांच के बाद ही चलेगा।

यह भी पढ़ें:चंदेरी से उत्तर प्रदेश की सीमा में दाखिल हुई दिग्विजय सिंह की सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा, समाजवादी पार्टी का भी मिला समर्थन

इस घटना ने जिले में सरकारी नशामुक्ति केंद्र की उपलब्धता पर भी सवाल खड़े किए हैं। कलेक्टर डॉ. सौरभ सोनवणे ने कहा कि अज्ञात वस्तु के सेवन से लोगों की मौत हुई है। अवैध शिविर संचालित करने वालों की तलाश और उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि जिले में नशामुक्ति केंद्र खोलने के लिए प्रस्ताव बुलाए गए हैं।