कोलकाता। पश्चिम बंगाल में मतगणना से पहले सियासी घमासान चरम पर है। एग्जिट पोल के नतीजे सामने आने के बाद हर पार्टी की धड़कनें बढ़ी हुई हैं। इस बीच धांधली की शिकायतों पर निर्वाचन आयोग ने बड़ा फैसला लिया है। राज्य की 15 सीटों पर फिर से वोट डाले जाएंगे। चुनाव आयोग ने बताया कि कल यानी 2 मई को इन बूथों पर पुनर्मतदान होगा।
निर्वाचन आयोग ने यह कदम जिला स्तर पर मतदान केंद्र-वार रिपोर्टों और शिकायतों की जांच के बाद उठाया गया है। ये सभी बूथ दक्षिण 24 परगना ज़िले के अंतर्गत आते हैं। जिले के मगराहाट पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के 11 बूथों पर फिर से वोटिंग होगी। इसके अलावा, डायमंड हार्बर विधानसभा क्षेत्र के 4 बूथों पर भी भारी शिकायतों के मद्देनजर दोबारा वोट डाले जाएंगे।
चुनाव आयोग ने कहा है कि वोटिंग के दौरान मिली धांधली की शिकायतों और स्क्रूटनी के आधार पर यह फैसला लिया गया है, जिससे चुनाव की निष्पक्षता बनी रहे। चुनाव आयोग ने मगराहाट पश्चिम और डायमंड हार्बर विधानसभा क्षेत्रों के रिटर्निंग अधिकारियों और ऑब्जर्वर्स की रिपोर्ट के आधार पर यह फैसला लिया।
निर्वाचन आयोग ने लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 की धारा 58(2) के तहत 29 अप्रैल 2026 को इन बूथों पर हुए मतदान को शून्य घोषित कर दिया है। आयोग के मुताबिक, संबंधित मतदान केंद्रों पर 2 मई 2026 को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक नए सिरे से मतदान कराया जाएगा।
इससे पहले स्ट्रॉन्ग रूम में छेड़छाड़ के आरोप में बंगाल में गुरुवार को आधी रात बवाल मच गया। सीएम ममता बनर्जी खुद भवानीपुर के EVM स्ट्रॉन्ग रूम पहुंच गईं, जहां वे करीब 4 घंटे डटी रहीं। सीएम ममता ने दावा किया कि उनकी पार्टी को कई हिस्सों में EVM में छेड़छाड़ की रिपोर्ट मिली हैं। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर कोई EVM मशीन चुराने की कोशिश करता है, अगर कोई मतगणना में धांधली करने की कोशिश करता है, तो हम जान की बाजी लगाकर लड़ेंगे।