वृंदावन। उत्तर प्रदेश के प्रसिद्ध संत प्रेमानंद महाराज की तबीयत बिगड़ गई है। इस कारण 5 अक्टूबर से उनकी सुबह निकलने वाली पदयात्रा अनिश्चित काल के लिए स्थगित कर दी गई है। इस खबर से उनके देशभर के भक्तों में खासी उदासी है और वे अपने प्रेमानंद महाराज के जल्दी ठीक होने की कामना कर रहे हैं। 

यह जानकारी श्री हित राजा केलि कुंज के सोशल मीडिया के जरिए दी गई। प्रेमानंद महाराज वृंदावन की श्री कृष्णा सोसाइटी में रहते हैं। जहां वे हर सुबह 4 बजे से ही श्री हित राजा केलि कुंज के लिए पैदल निकलते हैं। इस दौरान भारी संख्या में भक्तों का तांता उमड़ा रहता है। देर रात से भक्त उनकी झलक पाने के लिए खड़े रहते हैं। महाराज के स्वागत के लिए पूरे रास्ते में जगह-जगह रंगोलियां बनाई जाती है और उन पर पुष्प वर्षा की जाती है।

यह भी पढ़ें: बिहार विधानसभा चुनाव का जल्द बजने वाला है बिगुल, राज्य की सभी पार्टियों के साथ CEC की बैठक आज

रिपोर्ट्स के मुताबिक, प्रेमानंद महाराज पिछले लंबे समय से किडनी की समस्या से जूझ रहे हैं। बीते 20 साल से उनकी दोनों किडनियां फेल है। पहले जहां हफ्ते में उनका 2-3 बार डायलिसिस होता था लेकिन परेशानी बढ़ने पर उनका अब नियमित तौर पर डायलिसिस कराया जा रहा है। वह पिछले दो दिनों से सुबह सैर पर नहीं निकले जिससे श्रद्धालुओं के मन में चिंताएं बढ़ गई थीं। श्रद्धालुओं को कोई परेशानी न हो इसको ध्यान में रखते हुए आश्रम से प्रेमानंद महाराज की यात्रा के स्थगन की सूचना दी गई है।

प्रेमानंद महाराज के संदेशों और प्रवचनों को देश-दुनिया के तमाम लोग हर दिन सुनते हैं। इनमें छोटे बच्चों से लेकर हर उम्र के भक्त उनके संदेशों को सोशल मीडिया के माध्यम से सुनते हैं। फिल्मी सितारे से लेकर क्रिकेटर तक महाराज के दीवाने हैं। यही वजह रही कि विराट कोहली, आशुतोष राणा, राज कुंद्रा, अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी, स्वस्ति जैन, गायक हंसराज रघुवंशी, बादशाह सहित कई सितारे वृंदावन के केलिकुंज आश्रम में महाराज से आशीर्वाद और जीवन मार्गदर्शन लेने आते रहते हैं।