अहमदाबाद। गुजरात के अहमदाबाद में कांग्रेस का दो दिवसीय राष्ट्रीय अधिवेशन हो रहा है। अधिवेशन के दूसरे दिन साबरमती रिवरफ्रंट पर मुख्य कार्यक्रम में देशभर से 1700 से अधिक कांग्रेस कमेटी के प्रतिनिधि भाग ले रहे हैं। अधिवेशन को संबोधित करते हुए लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने भाजपा और RSS पर जमकर हमला बोला।

राहुल गांधी बोले ने नए वक्फ कानून को फ्रीडम ऑफ रिलीजन और संविधान पर आक्रमण बताया है। उन्होंने कहा कि RSS के मुखपत्र ऑर्गनाइजर में ये लिखते हैं कि अब क्रिश्चियंस पर आक्रमण करने जा रहे हैं। ये एंटी-रिलीजन बिल है। ये देश के सभी लोगों को मालूम होना चाहिए। उन्होंने आगे कहा कि हम चाहते हैं कि हर कम्युनिटी को देश में सम्मान मिले। हम चाहते हैं कि ये देश सबका हो। हम जाति, भाषा को यहां से फायदा मिले।

यह भी पढे़ं: सरकार ने EVM में गड़बड़ी की, एक दिन चोरी पकड़ी जाएगी, कांग्रेस के राष्ट्रीय अधिवेशन में बोले खड़गे

राहुल गांधी ने अपने संबोधन में कहा, 'हमारे लिए चाहे दलित, आदिवासी, पिछड़े, महिला चाहे कोई भी हो, हम सभी की रिस्पेक्ट करते हैं। उनके मन में सबके लिए नफरत भरी हुई है। लड़ाई इसी बात की है। हमारे लिए सभी लोग इंसान हैं। हम सभी से मोहब्बत करते हैं। उनके लिए रिस्पेक्ट के मायने अलग हैं। कोई दलित है, उसे मंदिर में नहीं जाना चाहिए। दलित को मंदिर नहीं जाना चाहिए। कोई गरीब किसान के बेटा है तो उसे अंग्रेजी नहीं सीखनी चाहिए। हम ऐसा नहीं होने देंगे।' 

राहुल गांधी ने कहा, 'हम अंग्रेज और RSS की विचारधारा के खिलाफ लड़े थे। इनकी विचारधारा, फ्रीडम स्ट्रगल की विचारधारा नहीं है। जिस दिन संविधान लिखा गया था, उस दिन RSS ने रामलीला मैदान में संविधान को जलाया था। इसमें लिखा है कि हमारे देश का झंडा तिरंगा होगा। सालों तक RSS ने तिरंगे को सैल्यूट नहीं किया था। वे हिंदुस्तान की सारी संस्थाओं को कंट्रोल कर देश का अडाणी-अंबानी को सारा धन देना चाहते हैं।'

राहुल ने आगे कहा, 'आज देश के सभी संस्थाओं पर आक्रमण हो रहा है। अडाणी-अंबानी को देश का पूरा धन दिया जा रहा है। संविधान में कहीं नहीं लिखा कि देश का पूरा धन दो-तीन लोगों के हाथ में होना चाहिए। संविधान में कहीं नहीं लिखा कि देश के सभी वाइस चांसलर RSS के होना चाहिए। संविधान में कहीं नहीं लिखा कि देश में कोई खास भाषा ही पढ़ाई जाएगी। जिस पार्टी के पास विचारधारा, क्लैरिटी नहीं है, वो बीजेपी-RSS के सामने खड़ी नहीं हो सकती। जिसके पास विचारधारा है, वही बीजेपी-RSS के सामने खड़ी हो सकती है, वही उन्हें हराएगी।'

राहुल ने अमेरिकी टैरिफ को लेकर कहा कि पहले मोदी अमेरिका जाते थे। राष्ट्रपति से गले लगते थे। अब आपने ट्रम्प से गले मिलने वाली फोटो देखी। ट्रम्प ने नए टैरिफ लगा दिए। मोदी जी की चूं तक नहीं निकली। जनता का ध्यान वहां न जाए, पार्लियामेंट में ड्रामा चलाया। सच ये है कि आर्थिक तूफान आने वाला है। कोरोना में मोदी जी ने थाली बजवाई थी। अब कहां छिप गए हैं।