सरकार ने EVM में गड़बड़ी की, एक दिन चोरी पकड़ी जाएगी, कांग्रेस के राष्ट्रीय अधिवेशन में बोले खड़गे
मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि भाजपा ने महाराष्ट्र चुनाव भी धोखे से जीता। महाराष्ट्र में 150 सीटों पर लड़कर 138 पर जीत हासिल की गई, जो 90 प्रतिशत जीत है। ऐसा पहले कभी नहीं देखा।

अहमदाबाद। गुजरात के अहमदाबाद में कांग्रेस का दो दिवसीय राष्ट्रीय अधिवेशन हो रहा है। अधिवेशन के दूसरे दिन साबरमती रिवरफ्रंट पर मुख्य कार्यक्रम में देशभर से 1700 से अधिक कांग्रेस कमेटी के प्रतिनिधि भाग ले रहे हैं। अधिवेशन में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, सोनिया गांधी और राहुल मौजूद हैं। इस दौरान कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने केंद्र सरकार पर EVM में गड़बड़ी करने के आरोप लगाए।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने अपने संबोधन के दौरान ईवीएम पर सवाल उठाते हुए कहा कि सरकार ने ऐसी तकनीक बनाई है, जिससे उन्हें फायदा हो और विपक्ष को नुकसान। उन्होंने दोहराया कि चुनाव बैलेट पेपर से होना चाहिए, ईवीएम से नहीं। खड़गे ने कहा, 'आज चुनाव आयोग से लेकर संसद तक को सरकार का विस्तार बनाने की कोशिश हो रही है। चुनावों में घोटाला हो रहा है। Electronic Technology के advancement के साथ पूरी दुनिया के विकसित देश EVM को छोड़ कर Ballot Paper की तरफ़ चले गए। परन्तु हमारा चुनाव आयोग इस समस्या का संज्ञान लेने को तैयार नहीं है।
यह भी पढे़ं: आप भी कभी टीचर थीं, बंगाल शिक्षक भर्ती मामले में हस्तक्षेप के लिए राहुल गांधी ने राष्ट्रपति को लिखा पत्र
खड़गे ने आरोप लगाया कि महाराष्ट्र चुनाव भी भाजपा ने धोखे से जीता। महाराष्ट्र में 150 सीटों पर लड़कर 138 पर जीत हासिल की गई, जो 90 प्रतिशत जीत है। उन्होंने कहा, 'हमने महाराष्ट्र के चुनाव में देखा फ़र्ज़ी वोटर लिस्ट बनाया जा रहा है।महाराष्ट्र चुनाव से जुड़ा मामला राहुल गांधी जी ने सदन और मीडिया के बीच में उठाया। पूरी पार्टी ने इस मुद्दे को उठाया, लेकिन सरकार पर कोई असर नहीं हुआ।'
खड़गे ने आगे कहा, 'महाराष्ट्र के विधानसभा चुनाव और लोक सभा चुनाव के बीच लाखों मतदाता बढ़ गए। आख़िर ये कैसा चुनाव आयोग है, ये कैसी डेमोक्रेसी है? सबकुछ फर्जी बनाकर चुनाव जीत गए। ये फ्रॉड है और लोकतंत्र पर चोट है। महाराष्ट्र विधानसभा चुनावों में जो फ्रॉड किया गया, वैसा देश में कभी नहीं हुआ। ये सिर्फ लोकतंत्र को तंग और तबाह करने के लिए किया गया। हम पीछे हटने वाले नहीं हैं। वोटर लिस्ट में जो गड़बड़ियां हुई हैं, हम उनपर काम कर रहे हैं। जो चोर चोरी करता है, वो एक न एक दिन पकड़ा जाता है।'
खड़गे ने आगे कहा, 'महात्मा गांधी जी के नेतृत्व में कांग्रेस गांव, खेत, मजदूर और गरीबों की पार्टी बनी। और कमजोर तबके की आवाज बनी थी। गाँधी जी पंक्ति में खड़े अंतिम आदमी के बारे में सोचते थे। अन्त्योदय गांधी जी की ही सोच थी।' उन्होंने केंद्र पर हमला बोलते हुए कहा कि अमेरिका ने हमारे ख़िलाफ़ 26% Tariff लगा दिया, पर इस पर संसद में बहस नहीं होने दी गयी। देश की अर्थव्यवस्था में monopoly स्थापित किया जा रहा है। सार्वजनिक सम्पत्तियाँ धीरे-धीरे निजी हाथों में सौंपी जा रही हैं। PSUs बेच कर लाखों स्थाई सरकारी नौकरियां और SC, ST, OBC, EWS के आरक्षण पर चोट की गयी है।