नई दिल्ली। केंद्र के कृषि कानूनों के खिलाफ आज कांग्रेस पार्टी की युवा इकाई सड़कों पर है। कृषि कानूनों के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराने के लिए आज युवा कांग्रेस सड़क से लेकर संसद तक का मार्च कर रही है। तय योजना के अनुसार युवा कांग्रेस के कार्यकर्ता और पदाधिकारी भारी संख्या में संसद का घेराव करने वाले हैं। युवा कांग्रेस के अध्यक्ष बीवी श्रीनिवास इस पूरे प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे हैं। 





युवा कांग्रेस के इस प्रदर्शन में देश भर से युवा कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए हैं। युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं का पूरा हुजूम आज दिल्ली में उमड़ पड़ा है। मध्य प्रदेश युवा कांग्रेस के अध्यक्ष विक्रांत भूरिया भी बढ़चढ़कर इस आंदोलन की अगुवाई कर रहे हैं। मध्य प्रदेश युवा कांग्रेस के मीडिया प्रभारी विवेक त्रिपाठी ने बताया कि जब तक केंद्र सरकार इन तीनों काले कानूनों को वापस नहीं लेती तब तक कांग्रेस पार्टी अपनी लड़ाई जारी रखेगी। 





संसद घेराव से पहले युवा कांग्रेस ने एक सभा का आयोजन भी किया। जिसमें कृषि कानूनों के खिलाफ आंदोलन करने के समय शहीद हुए किसानों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।