लोकतंत्र का मूल आधार यह है कि सरकार संविधान के दायरे में रहकर काम करेगी। संविधान केवल शासन चलाने वाला एक दस्तावेज नहीं, बल्कि देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था, नागरिकों के अधिकारों, संस्थाओं की स्वतंत्रता और सरकार की जवाबदेही का आधार है। भारत में जब कोई नेता मंत्री, मुख्यमंत्री या किसी संवैधानिक पद की जिम्मेदारी संभालता है, तो वह संविधान के प्रति निष्ठा और कानून के अनुसार काम करने की शपथ लेता है। 

इस शपथ का उद्देश्य देश के प्रति निष्ठा, जनता के हितों की रक्षा और संवैधानिक मूल्यों के प्रति प्रतिबद्धता सुनिश्चित करना है। लेकिन जब शपथ लेने के बाद राजनीतिक लाभ, सत्ता में बने रहने और व्यक्तिगत या पार्टी हितों को प्राथमिकता दी जाने लगती है, तो यह सवाल उठना स्वाभाविक है कि क्या संविधान की शपथ अपने वास्तविक उद्देश्य को पूरा कर रही है।भारतीय राजनीति में ऐसे अनेक प्रसंग सामने आते रहे हैं, जिनमें संवैधानिक प्रावधानों की व्याख्या, राजनीतिक दलों के बीच जोड़-तोड़ और सत्ता परिवर्तन को लेकर विवाद पैदा हुए हैं। इन घटनाओं ने लोकतांत्रिक मूल्यों, संवैधानिक मर्यादाओं और राजनीतिक नैतिकता पर गंभीर बहस को जन्म दिया है।

भारत में कई बार देखा गया है कि शपथ लेने के बाद नेता अपने राजनीतिक लाभ के लिए पाला बदल लेते हैं। चुनाव के समय जनता किसी राजनीतिक दल या उसके उम्मीदवार को समर्थन देती है, लेकिन चुनाव के बाद राजनीतिक समीकरण बदलने से सरकारों की स्थिरता प्रभावित होने लगती है। इस स्थिति को नियंत्रित करने के लिए संविधान की दसवीं अनुसूची के अंतर्गत दलबदल विरोधी कानून बनाया गया है। इसका उद्देश्य निर्वाचित प्रतिनिधियों के अवसरवादी दलबदल पर रोक लगाना और लोकतांत्रिक जनादेश की रक्षा करना था। 

हालांकि, इस कानून के बावजूद इसके प्रावधानों की व्याख्या, राजनीतिक दलों के विलय, विधायकों की अयोग्यता और निर्णय लेने में होने वाली देरी को लेकर विवाद सामने आते रहे हैं। कई बार इन प्रक्रियागत जटिलताओं का लाभ उठाकर सरकारें गिराने और नई सरकारें बनाने की कोशिशें होती हैं। इससे लोकतंत्र में जनता के जनादेश और निर्वाचित प्रतिनिधियों की जवाबदेही को लेकर प्रश्न उठते हैं। यह समझना आवश्यक है कि राजनीतिक दल बदलना या सरकार बनाना अपने आप में हमेशा असंवैधानिक नहीं होता। 

संविधान और कानून के अंतर्गत राजनीतिक परिवर्तन की गुंजाइश है। लेकिन जब इन प्रावधानों का इस्तेमाल लोकतांत्रिक जनादेश को कमजोर करने या सत्ता प्राप्त करने के लिए किया जाता है, तब संवैधानिक नैतिकता का प्रश्न महत्वपूर्ण हो जाता है। कानून का उद्देश्य केवल तकनीकी प्रक्रियाओं का पालन करना नहीं, बल्कि लोकतंत्र की मूल भावना की रक्षा करना भी है। संविधान की शपथ लेने वाले नेताओं और संवैधानिक पदों पर बैठे व्यक्तियों से अपेक्षा की जाती है कि वे अपने कर्तव्यों का निर्वहन निष्पक्षता और जिम्मेदारी के साथ करेंगे। लेकिन यदि कोई चुनी हुई सरकार या राज्यपाल जानबूझकर संवैधानिक प्रावधानों की अनदेखी करता है, तो राज्य में संवैधानिक तंत्र की कार्यप्रणाली पर संकट पैदा हो सकता है। 

उदाहरण के लिए, विधेयकों पर निर्णय लेने में अत्यधिक देरी, विधानसभा में बहुमत परीक्षण कराने को लेकर विवाद या सरकार गठन की प्रक्रिया में संवैधानिक परंपराओं की अलग-अलग व्याख्याएं संस्थाओं के बीच टकराव की स्थिति पैदा कर सकती हैं। ऐसे मामलों में समयबद्ध निर्णय, स्पष्ट संवैधानिक मानदंड और निष्पक्ष प्रक्रिया लोकतंत्र की विश्वसनीयता के लिए आवश्यक हैं।

राज्यपाल का पद संवैधानिक व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इसलिए राज्यपाल से अपेक्षा की जाती है कि वे राजनीतिक पक्षधरता से ऊपर उठकर अपने संवैधानिक दायित्वों का पालन करें। इसी तरह निर्वाचित सरकारों की जिम्मेदारी है कि वे अपनी शक्तियों का उपयोग संविधान और कानून की सीमाओं के भीतर करें। किसी भी संस्था को अपनी शक्तियों का इस्तेमाल इस प्रकार नहीं करना चाहिए, जिससे दूसरी संवैधानिक संस्था की भूमिका या लोकतांत्रिक प्रक्रिया बाधित हो। जब कार्यपालिका या विधायिका संवैधानिक मर्यादाओं को तोड़ती है अथवा उन पर उल्लंघन के गंभीर आरोप लगते हैं, तो न्यायपालिका की भूमिका महत्वपूर्ण हो जाती है। 

न्यायिक हस्तक्षेप संवैधानिक विवादों का समाधान करने और कानून के शासन को बनाए रखने का माध्यम है। हालांकि, संस्थाओं के बीच बार-बार टकराव की स्थिति यह भी दर्शाती है कि संवैधानिक प्रक्रियाओं के पालन और संस्थागत संवाद को मजबूत बनाने की आवश्यकता है। संविधान की शपथ का एक महत्वपूर्ण उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि देश में कानून का शासन स्थापित रहे। कानून का शासन अर्थात शासन किसी व्यक्ति की इच्छा, राजनीतिक प्रभाव या व्यक्तिगत हितों के आधार पर नहीं, बल्कि संविधान और कानून के अनुसार संचालित हो। लोकतंत्र में कोई भी व्यक्ति या संस्था संविधान से ऊपर नहीं है। 

जब राजनीतिक नेतृत्व अपने पद और शक्तियों का उपयोग संवैधानिक सीमाओं से परे जाकर करने लगता है, तो कानून के शासन की अवधारणा कमजोर पड़ने का खतरा पैदा होता है। ऐसी परिस्थितियों में व्यक्ति केंद्रित राजनीति को बढ़ावा मिलता  है, जिसमें संस्थागत नियमों की तुलना में किसी नेता या राजनीतिक दल की इच्छा अधिक महत्वपूर्ण हो जाती है।

इसका प्रभाव केवल राजनीति तक सीमित नहीं रहता है। प्रशासनिक अधिकारियों, सरकारी कर्मचारियों और समाज के अन्य वर्गों पर भी इसका असर पड़ता है। जब शीर्ष स्तर पर नियमों के पालन को लेकर दोहरे मानदंड दिखाई देता है, तो सामान्य नागरिकों के मन में यह धारणा मजबूत होती है कि नियमों का पालन सभी के लिए समान रूप से आवश्यक नहीं है। इससे पारदर्शिता, जवाबदेही और नैतिक आचरण की संस्कृति प्रभावित होती है।
लोकतांत्रिक व्यवस्था में चुनाव आयोग, प्रवर्तन निदेशालय (ईडी), केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) और न्यायपालिका जैसी संस्थाओं की अपनी-अपनी संवैधानिक या कानूनी भूमिका है। 

इन संस्थाओं की विश्वसनीयता उनके निष्पक्ष कामकाज, पारदर्शिता और कानून के अनुरूप निर्णय लेने पर निर्भर करती है। जब इन संस्थाओं के कामकाज को लेकर राजनीतिक पक्षपात के आरोप सामने आते हैं, तो उनकी स्वतंत्रता और निष्पक्षता पर सार्वजनिक बहस शुरू हो जाती है। ऐसी चिंताओं का समाधान केवल आरोप-प्रत्यारोप से नहीं, बल्कि संस्थागत प्रक्रियाओं की पारदर्शिता, निर्णयों के स्पष्ट आधार और जवाबदेही से किया जा सकता है।

संस्थाओं की स्वतंत्रता का अर्थ यह नहीं है कि वे किसी प्रकार की जवाबदेही से मुक्त रहें। बल्कि इसका अर्थ है कि वे कानून के अनुसार काम करें और किसी राजनीतिक दबाव या अनुचित प्रभाव से मुक्त रहकर अपने दायित्व निभाएं। इसी प्रकार, सरकारों का दायित्व है कि वे संस्थाओं की स्वायत्तता और संवैधानिक मर्यादाओं का सम्मान करें। यदि संवैधानिक संस्थाओं की निष्पक्षता पर जनता का विश्वास कमजोर होता है, तो लोकतंत्र की पूरी प्रक्रिया प्रभावित होती है। 

नागरिकों का भरोसा केवल चुनाव कराने से कायम नहीं रहता, इसके लिए जरूरी है कि चुनावी प्रक्रिया, जांच व्यवस्था, प्रशासन और न्यायिक संस्थाएं भी अपनी विश्वसनीयता बनाए रखे। लोकतंत्र में राजनीतिक दलों का उद्देश्य केवल सत्ता प्राप्त करना नहीं, बल्कि जनता की समस्याओं का समाधान करना और सार्वजनिक हित में नीतियां बनाना भी है। लेकिन जब राजनीतिक प्रतिस्पर्धा का केंद्र सत्ता में बने रहना, विरोधियों को कमजोर करना और राजनीतिक समीकरणों को अपने पक्ष में करना बन जाता है, तो जनहित से जुड़े मुद्दे पीछे छूट जाते हैं। रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, आदिवासी अधिकार, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक न्याय जैसे विषयों पर निरंतर नीतिगत ध्यान आवश्यक है। 

यदि सरकारों की ऊर्जा राजनीतिक अस्थिरता, दलबदल और सत्ता संघर्ष में खर्च होती है, तो विकास संबंधी निर्णयों की निरंतरता और प्रशासनिक प्राथमिकताएं प्रभावित होती है। सरकार बदलना लोकतंत्र का स्वाभाविक हिस्सा है, लेकिन सरकारों के गठन और पतन की प्रक्रियाएं पारदर्शी, संवैधानिक और जनादेश के प्रति जवाबदेह होनी चाहिए। राजनीतिक दलों को यह समझना होगा कि चुनाव में प्राप्त समर्थन जनता का विश्वास है, जिसका उपयोग सार्वजनिक जिम्मेदारी निभाने के लिए किया जाना चाहिए। 

सत्ता एक साधन है, यह लोकतंत्र का अंतिम उद्देश्य नहीं है। संविधान की शपथ का उल्लंघन केवल कानूनी प्रश्न नहीं है, इसका नैतिक और राजनीतिक परिणाम भी होता है। जब जनता को यह महसूस होता है कि नेता शपथ लेते समय जिन मूल्यों के प्रति प्रतिबद्धता जताते हैं, व्यवहार में उन्हीं मूल्यों की अनदेखी कर रहे हैं, तो लोकतांत्रिक संस्थाओं और राजनीतिक प्रक्रियाओं से उसका भरोसा कमजोर होता है। इससे ‘राजनीति एक अवसरवादी खेल है’ जैसी धारणा को बल मिलता है। नागरिकों में निराशा बढ़ने पर राजनीतिक भागीदारी, सार्वजनिक विमर्श और संस्थाओं के प्रति विश्वास प्रभावित होता है। 

लोकतंत्र के लिए यह स्थिति चिंताजनक है, क्योंकि उसकी वास्तविक शक्ति केवल संवैधानिक संस्थाओं में नहीं, बल्कि नागरिकों के विश्वास और सक्रिय भागीदारी में भी निहित है। राजनीति में शुचिता का अर्थ यह नहीं है कि सभी राजनीतिक दलों के विचार एक जैसे हों या उनके बीच संघर्ष समाप्त हो जाए। लोकतंत्र में असहमति, विरोध और सत्ता परिवर्तन आवश्यक हैं। लेकिन यह सब संविधान की सीमाओं के भीतर होना चाहिए। राजनीतिक मतभेदों के बावजूद संवैधानिक मूल्यों के प्रति सम्मान बना रहना चाहिए। संविधान की शपथ का उद्देश्य देश के प्रति निष्ठा, जनता की सेवा और कानून के प्रति प्रतिबद्धता सुनिश्चित करना है। यह शपथ किसी पद को प्राप्त करने की औपचारिक रस्म भर नहीं, बल्कि सार्वजनिक जीवन में जिम्मेदारी निभाने की प्रतिज्ञा है। इसका वास्तविक महत्व तभी है, जब शपथ लेने वाले व्यक्ति के आचरण और निर्णयों में संवैधानिक मूल्यों की झलक दिखाई दे।

(लेखक राज कुमार सिन्हा बरगी बांध विस्थापित एवं प्रभावित संघ से जुड़े हैं।)