इनदिनों सोशल मीडिया पर World's Loneliest House यानी दुनिया के सबसे अकेले या अलग-थलग बने घर की तस्वीरें वायरल हो रही हैं। हर कोई इस घर के बारे में जानना चाहता है। चारों ओर नीले समुद्र से घिरे एक सुदूर द्वीप पर एक सुंदर घर को 'दुनिया का सबसे अकेला घर' बताया जा रहा है। 

पूरी तरह से निर्जन एलियाए द्वीप

दुनिया की चकाचौंध और भाग दौड़ से अलग-थलग घर आइसलैंड के दक्षिण में वेस्टमानायेआर आर्किपेलागो के पास अटलांटिक महासागर में स्थित है। यह घर यहां सुदूर द्वीप एलियाए पर बना है। अब यह द्वीप पूरी तरह से निर्जन है। कहा जाता है कि करीब 300 साल पहले यहां कुछ परिवारों ने इसे बसाया था। वे परिवार मछली पकड़ने, पफिंग का शिकार और मवेशियों को पालकर अपना गुजारा करते थे। उन्हीं में से अंतिम निवासियों ने 1930 के दशक के बाद रोजी-रोटी की तलाश में यहां से पलायन कर दिया था। तभी से यह द्वीप वीरान पड़ा है।

एलियाए हंटिंग एसोसिएशन करता है निगरानी

एलियाए हंटिंग एसोसिएशन इसी स्थान से मछलियों की तादात पर निगरानी रखते हैं। यहां बड़ी संख्या में मछलियां पाई जाती हैं। यहां से सूचना भेजी जाती है, तब मुख्य शहर के मछुआरे यहां मछलियों का शिकार करने आते हैं।

मछुआरों का समुद्री बेस है यह घर

एलियाए द्वीप पर बना यह अकेला घर मछुआरों का एक समुद्री बेस है। इस जगह पर रेनवाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम समेत मछुआरों के रुकने का सारा इंतजाम है। हंटिंग एसोसिएशन रोस्टर के अनुसार मछुआरों की ड्यूटी लगाता है।

नेचर रिजर्व और प्रोटेक्टेड एरिया है एलियाए द्वीप

एलियाए द्वीप को नेचर रिजर्व और प्रोटेक्टेड एरिया घोषित किया गया है। यहां ब्रीडिंग सीजन में समुद्री पक्षियों की कई प्रजातियां ब्रीडिंग करने के लिए भी जमा होती हैं. कई बार तूफान आने पर समुद्री जीव इसके किनारे पर आकर खुद को सुरक्षित रखने का प्रयास भी करते हैं

एलियाए द्वीप पर लोग घूमने भी जाते हैं। कई टूर कंपनियां एलियाए द्वीप का टूर भी कराती है बड़े-बड़े जहाजों पर सैकड़ों पर्यटक इस जगह पर घूमने जाते हैं। आइसलैंड के इस द्वीप के चारों तरफ बर्फ से ढंकी चोटियां हैं. यहां के समुद्र में विभिन्न प्रकार के दुर्लभ जीव देखने को मिलते हैं।

अकेले घर को लेकर उड़ीं कई अफवाहें

एलियाए द्वीप पर बने घर को लेकर कई अफवाहें फैलाई गईं। एक बार इसे मशहूर सिंगर जोर्क का घर बताया गया। तो किसी ने इसे हॉन्टेड प्लेस तक कह डाला।