छत्तीसगढ़। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले के भाटापारा क्षेत्र स्थित बकुलाही गांव में गुरुवार सुबह एक निजी स्पंज आयरन फैक्ट्री में भीषण विस्फोट हुआ। हादसे में अब तक कम से कम छह मजदूरों की मौत की पुष्टि हुई है। जबकि, 10 से अधिक श्रमिक गंभीर रूप से झुलस गए हैं। विस्फोट के बाद फैक्ट्री परिसर में अफरा-तफरी मच गई और चारों तरफ चीख-पुकार का माहौल बन गया।
यह दुर्घटना सुबह करीब 10 बजे हुई थी। उस दौरान फैक्ट्री के स्पंज आयरन प्लांट के कोल कीलन में अचानक तेज धमाका हो गया। धमाका इतना जोरदार था कि आसपास काम कर रहे मजदूरों को संभलने तक का मौका नहीं मिल सका था। आग और गर्म धुएं की चपेट में आए कई श्रमिक मौके पर ही गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग, पुलिस और जिला प्रशासन की टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं। राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया और घायलों को एंबुलेंस के जरिए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्रों और निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के अनुसार, कई घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है और कुछ मजदूरों की स्थिति नाजुक बताई जा रही है।
पुलिस ने इस हादसे के संबंध में मामला दर्ज कर लिया है और आधिकारिक जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक जांच में तकनीकी खराबी या मशीनरी में अत्यधिक दबाव को विस्फोट का संभावित कारण माना जा रहा है। हालांकि, वास्तविक वजह का पता विस्तृत जांच रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराने और घायलों के बेहतर इलाज के निर्देश दिए हैं।
हादसे के बाद भाटापारा क्षेत्र के ग्रामीणों और मजदूर संगठनों में गुस्सा देखा गया। उन्होंने इस दुर्घटना को फैक्ट्री प्रबंधन द्वारा सुरक्षा मानकों की अनदेखी का परिणाम बताया। मजदूर संगठनों का कहना है कि औद्योगिक इकाइयों में सुरक्षा उपायों की कमी पहले भी कई बार जानलेवा साबित हो चुकी है और इस मामले में जिम्मेदारों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए।
फिलहाल पुलिस और राहत दल मौके पर मौजूद हैं। मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है और विस्तृत राहत व पुनर्वास कार्यों को लेकर प्रशासन की ओर से लगातार अपडेट दिए जा रहे हैं।
इस दर्दनाक हादसे पर छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने क्लिनिकल फर्नेस के दौरान हुए विस्फोट में श्रमिकों की असामयिक मृत्यु को अत्यंत दुःखद बताया और दिवंगत आत्माओं की शांति तथा शोकाकुल परिवारों को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
स्वास्थ्य मंत्री ने यह भी जानकारी दी कि गंभीर रूप से घायल श्रमिकों को बेहतर इलाज के लिए सिम्स, बिलासपुर में भर्ती कराया जा रहा है। उन्होंने प्रशासन को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि घायलों को हर संभव त्वरित और उच्चस्तरीय चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए।