बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर में सुरक्षा बलों ने नक्सलियों से मुठभेड़ में एक इनामी नक्सली कमांडर को मारने का दावा किया है। सुरक्षा बलों के मुताबिक एनकाउंटर में मारे गए नक्सली का नाम संतोष पोडियाम है, जो  जनमिलिशिया का कमांडर था। संतोष पर एक लाख रुपए का इनाम रखा गया था।

दरभा इलाके के जंगलों में यह कार्रवाई DRG और कुटरू थाना पुलिस ने संयुक्त रुप से की। सुरक्षा बलों ने मौके से नक्सल सामग्री और दैनिक उपयोग का सामान बरामद किया है। पुलिस ने मौके से नक्सली हथियार सहित अन्य सामान बरामद करने का दावा भी किया है। इस मुठभेड़ की पुष्टि एसपी कमल लोचन कश्यप ने की है।

पुलिस के मुताबिक मारा गया नक्सली ASI कोरसा नगैया और एक रेंजर की हत्या का आरोपी था। पुलिस ने एक राइफल, पिट्ठू बैग, नक्सल सामग्री और अन्य सामान बरामद किया है। दरभा से नक्सली का शव लेकर सुरक्षाबलों की टीम लौट रही है।  

और पढ़ें: छत्तीसगढ़ के कांकेर में 3 नक्सलियों को मारने का सुरक्षा बलों का दावा

DRG और कुटरू थाना पुलिस के मुताबिक वे दरभा के जंगलों में गश्त पर निकले थे, इसी दौरान नक्सलियों ने फायरिंग शुरू कर दी। करीब आधे घंटे चली मुठभेड़ के बाद नक्सली मौके से भाग खड़े हुए। सर्चिंग के दौरान जंगल में जवानों ने एक नक्सली का शव बरामद किया। आपको बता दें कि इससे पहले कांकेर में भी पुलिस ने नक्सलियों से मुठभेड़ में एक महिला समेत 3 नक्सलियों को मार गिराने का दावा किया था।