दुर्ग। एक निजी हॉस्टल संचालक को पुलिस ने लड़कियों के रूम की जासूसी करते पकड़ा है। आरोपी ने लड़कियों की अंतरंग और निजी जानकारियां पाने के लिए उनके रूम में खुफिया कैमरे लगा रखे थे। लड़कियों को इस बात की खबर तब लगी जब हॉस्टल संचालक ने लड़कियों को बाथरूम और बालकनी की लाइट्स जलते रहने के लिए टोका।

लड़कियों को शक हुआ की बालकनी तो आगे से दिखती नहीं और बाथरूम की लाइट के बारे में उसे कैसे पता चला, जबकि हॉस्टल की बनावट ऐसी है कि इन दोनों जगहों को बाहर से नहीं देखा जा सकता है। शक होने पर लड़कियों ने कमरे की बारीकी से तलाशी ली तब जाकर कमरे में खुफिया कैमरे लगे होने का पता चला। खुफिया कैमरे का पता चलते ही छात्राओं ने हॉस्टल में जमकर हंगामा किया। पहले तो हॉस्टल की वार्डन ने उन्हें रोकने की कोशिश की, लेकिन लड़कियां नहीं मानी और पुलिस में शिकायत कर दी। पुलिस ने मौके से कई खुफिया कैमरे बरामद किए हैं। आरोपी को लड़कियों की जासूसी के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है।

ये लड़कियां छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों से यहां कॉलेज में पढ़ने आई थीं। वहीं हास्टल संचालक भिलाई स्टील प्लांट का कर्मचारी है, जिसने अपने एक बड़े से मकान में लड़कियों के लिए हॉस्टल खोल रखा है। पुलिस ने आरोपी के यहां से DVR बरामद किया है। जिसमें से करीब 12 दिन की रिकॉर्डिंग मिली है। यह हॉस्टल 3 साल से संचालित है, पुलिस इससे पहले के वीडियो और इस कैमरे को लगाने के बारे में पूछताछ करने पर जुटी है।