मध्यप्रदेश में जिला प्रभारी मंत्रियों की जिम्मेदारियों में बदलाव की शुरुआत हो गई है। मुख्यमंत्री मोहन यादव अब इंदौर के प्रभारी मंत्री नहीं रहेंगे। राज्य सरकार ने कैबिनेट मंत्री चेतन्य काश्यप को यह जिम्मेदारी सौंप दी है। सामान्य प्रशासन विभाग ने बुधवार रात इस संबंध में आदेश जारी किया। काश्यप अब भोपाल और राजगढ़ के साथ इंदौर जिले का कामकाज भी देखेंगे। इस तरह उनके पास कुल तीन जिलों का प्रभार हो गया है।

मोहन यादव ने अगस्त 2024 में इंदौर की जिम्मेदारी अपने पास रखी थी। मध्यप्रदेश के इतिहास में यह पहला मौका था जब किसी मुख्यमंत्री ने खुद किसी जिले के प्रभारी मंत्री की भूमिका संभाली थी। इससे पहले मुख्यमंत्री आमतौर पर यह जिम्मेदारी कैबिनेट सहयोगियों को देते रहे हैं। करीब ढाई साल तक इंदौर का प्रभार संभालने के बाद अब मुख्यमंत्री ने यह जिम्मेदारी दूसरे मंत्री को सौंप दी है।

बुधवार को मुख्यमंत्री मोहन यादव दिल्ली में थे। इस दौरान उन्होंने केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण, केंद्रीय जलशक्ति मंत्री सीआर पाटिल और कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान से मुलाकात की थी। कृषि भवन में शिवराज सिंह चौहान के साथ मध्यप्रदेश के मंत्री प्रहलाद पटेल और एंदल सिंह कंसाना भी मौजूद थे। मुख्यमंत्री के दिल्ली से वापस लौटने के बाद रात में सामान्य प्रशासन विभाग ने इंदौर के प्रभारी मंत्री को बदलने का आदेश जारी कर दिया।

हालांकि, सरकार की ओर से इस बदलाव के पीछे कोई आधिकारिक कारण नहीं बताया गया है। राजनीतिक गलियारों में इसे लेकर अलग अलग चर्चाएं हैं। इनमें नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय और मुख्यमंत्री के बीच कथित मतभेदों का मुद्दा भी शामिल है।

मुख्यमंत्री के पास इंदौर का प्रभार रहने के दौरान कई बार कैलाश विजयवर्गीय और उनके बीच तालमेल को लेकर सवाल उठे थे। विजयवर्गीय के कुछ सार्वजनिक बयानों को भी नाराजगी से जोड़कर देखा गया था। हालांकि, सरकार की ओर से प्रभारी मंत्री बदलने के फैसले को इन चर्चाओं से जोड़ने की कोई पुष्टि नहीं की गई है।

इंदौर का प्रभार बदलने के फैसले पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने मुख्यमंत्री पर हमला बोला है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर आरोप लगाया कि शहर की बदहाल स्थिति और जनता के सवालों से घबराकर मुख्यमंत्री ने जिम्मेदारी छोड़ी है।

पटवारी ने इंदौर में भ्रष्टाचार, अपराध, नशे और शराब से जुड़े मामलों में बढ़ोतरी का आरोप लगाया। उन्होंने भागीरथपुरा में हुई मौतों का जिक्र करते हुए कहा कि गंभीर घटनाओं के बावजूद मुख्यमंत्री ने चुप्पी बनाए रखी। पटवारी के मुताबिक, कांग्रेस लगातार जवाबदेही की मांग कर रही थी और जनता के सवालों के बीच मुख्यमंत्री ने इंदौर का प्रभार छोड़ दिया।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने यह भी कहा कि केवल जिम्मेदारी किसी दूसरे मंत्री को सौंप देने से मुख्यमंत्री की जवाबदेही समाप्त नहीं हो जाती। उन्होंने भागीरथपुरा की मौतों को सरकारी हत्या करार देते हुए हर मौत और कथित प्रशासनिक लापरवाही का हिसाब मांगा।

मध्यप्रदेश में इससे पहले किसी मुख्यमंत्री ने अपने पास जिले का प्रभार रखने की परंपरा नहीं बनाई थी। पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के कार्यकाल में भी जिलों की जिम्मेदारी अन्य मंत्रियों को दी जाती थी। जून 2021 में तत्कालीन गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा को इंदौर और भूपेंद्र सिंह को भोपाल का प्रभारी बनाया गया था।

अगस्त 2024 में मोहन यादव ने इंदौर की जिम्मेदारी खुद लेकर इस व्यवस्था से अलग फैसला किया था। अब चेतन्य काश्यप को प्रभार मिलने के साथ यह जिम्मेदारी फिर कैबिनेट मंत्री के पास चली गई है।

इंदौर में हुए बदलाव को प्रदेश में जिला प्रभारी मंत्रियों की संभावित नई व्यवस्था से जोड़कर देखा जा रहा है। जानकारी के मुताबिक, सरकार और संगठन स्तर पर अन्य मंत्रियों के प्रभार वाले जिलों की भी समीक्षा की जा रही है।

दरअसल कुछ मंत्रियों ने अपने गृह जिले से काफी दूर स्थित जिलों का प्रभारी होने के कारण नियमित दौरे करने में परेशानी जताई है। उनका कहना है कि दूरी अधिक होने से स्थानीय प्रशासन और संगठन के साथ लगातार संपर्क बनाए रखना मुश्किल होता है। ऐसे में मंत्रियों के प्रभार वाले जिलों में बदलाव किया जा सकता है ताकि वे संबंधित जिलों में ज्यादा समय दे सकें।