निवाड़ी। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के नेतृत्व में उज्जैन के शिवधाम से अयोध्या के श्रीरामधाम तक निकाली जा रही सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा बुधवार शाम भगवान श्रीरामराजा सरकार की नगरी ओरछा पहुंची। यात्रा में छत्तीसगढ़ के पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव भी शामिल हुए। बुधवार सुबह ग्राम नैगुवां स्टेडियम से शुरू हुई पदयात्रा विभिन्न गांवों से होते हुए शाम को ओरछा पहुंची। यहां दिग्विजय सिंह ने श्रीरामराजा सरकार मंदिर में ख़ज़ाने की चोरी का आरोप लगाते हुए कहा कि खजाने के ताले काटे गए और उसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। यात्रा के ओरछा पहुंचने के अवसर पर बुधवार शाम सात बजे आदित्य पैलेस में बॉलीवुड गायक शरद शर्मा अपनी भक्तिमय प्रस्तुतियां दी।
यात्रा बुधवार सुबह नैगुवां स्टेडियम से प्रारंभ होकर नैगुवां बस स्टैंड, ग्राम पनिहारी और चंद्रपुरा होते हुए जामनी नदी के पास स्थित सिंहपुरा हनुमान मंदिर पहुंची। यहां दोपहर में भोजन एवं विश्राम के बाद यात्रा ने पुनः आगे का सफर शुरू किया। वन चौकी गेट नंबर-2 और बेतवा नदी पुल से होते हुए पदयात्री ओरछा पहुंचे। रास्ते में स्थानीय नागरिकों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने यात्रा का स्वागत किया और इसमें सहभागिता की।
यात्रा में शामिल हुए छत्तीसगढ़ के पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने भाजपा पर विकृत हिंदुत्व को बढ़ावा देने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा धर्म और हिंदुत्व की ऐसी व्याख्या कर रही है, जो सनातन की मूल भावना के विपरीत है। दिग्विजय सिंह की सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा सनातन के वास्तविक मूल्यों को सामने लाने का प्रयास है। यह यात्रा सामाजिक समरसता और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करते हुए आने वाले समय में सत्ता परिवर्तन का माध्यम बनेगी।
इस दौरान दिग्विजय सिंह ने कहा कि सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा का उद्देश्य सनातन परंपराओं, धार्मिक आस्था और सामाजिक समरसता के मूल्यों को जन-जन तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि समन्वय और सामंजस्य ही सनातन का आधार है। पहले संपर्क, फिर संवाद, उसके बाद समन्वय और सामंजस्य तथा अंत में सकारात्मक सोच ही इस यात्रा का लक्ष्य है। सनातन केवल पूजा-पद्धति तक सीमित नहीं है, बल्कि यह सत्य, सद्भाव, समानता और मानवता का मार्ग है।
दिग्विजय सिंह ने कहा कि सनातन धर्म अनंत, शाश्वत और सर्वसमावेशी है। यह किसी को तोड़ने या बांटने का नहीं, बल्कि सबको साथ लेकर चलने और जोड़ने का संदेश देता है। सनातन परंपरा सत्य, करुणा, प्रेम, सहिष्णुता और सद्भाव की शिक्षा देती है। सनातन धर्म नफरत नहीं, प्रेम; विभाजन नहीं, एकता और भेदभाव नहीं, समभाव सिखाता है। यही सनातन की वास्तविक शक्ति और हमारा स्वाभिमान है।
ओरछा में गुरुवार 26 नवंबर को भी यात्रा के तहत विशेष धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस दौरान कंचना घाट पर पार्थिव शिवलिंग निर्माण, शिवार्चन एवं पूजन का आयोजन होगा। इसके साथ ही कन्या भोज और भंडारे का भी आयोजन किया जाएगा। गुरुवार को ही प्रसिद्ध लोकगायिका नेहा सिंह राठौर भी ओरछा पहुंचेंगी। उनके आगमन से यात्रा के कार्यक्रमों में सांस्कृतिक रंग और जुड़ेगा।
गौरतलब है कि सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा की शुरुआत 20 अक्टूबर को विजयादशमी के अवसर पर उज्जैन स्थित श्री महाकालेश्वर मंदिर में दर्शन-पूजन के बाद हुई थी। करीब 930 किलोमीटर की यह पदयात्रा उज्जैन के शिवधाम से अयोध्या के रामधाम तक जारी है। यात्रा के माध्यम से वोट चोरी और चंदा चोरी के मुद्दों पर जनजागरण के साथ सनातन धर्म के वास्तविक मूल्यों, प्रेम, सद्भाव और भाईचारे का संदेश दिया जा रहा है। दिग्विजय सिंह धार्मिक स्थलों, संतों, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों से संवाद करते हुए धार्मिक स्थलों की व्यवस्था में पारदर्शिता और सामाजिक समरसता का विषय भी उठा रहे हैं।