मुंबई। भारतीय शेयर बाजार में आज जोरदार तेजी देखी जा रही है। शेयर बाजार में सेंसेक्स आज 1000 अंक चढ़कर 82,100 के पार पहुंच गया। यानी, इसमें 1.25 फीसदी की बढ़त है और इससे निवेशकों की दौलत 6 लाख करोड़ रुपए से ज्यादा बढ़ गई।
इधर, निफ्टी 250 अंक की तेजी के साथ 25,300 के स्तर पर कारोबार कर रहा है। इसमें 1.04 फीसदी की तेजी है। आज बैंकिंग और ऑटो शेयरों में सबसे ज्यादा बढ़त है। इससे पहले 1 जनवरी 2026 को सेंसेक्स 85,188 के स्तर पर था। इसके बाद बाजार में गिरावट का सिलसिला शुरू हुआ और 1 अक्टूबर को सेंसेक्स 71,292 के इस साल के सबसे निचले स्तर पर आ गया। इस दौरान बाजार 16% या 13,896 अंक टूटा।
1 अक्टूबर को 71,292 का निचला स्तर छूने के बाद बाजार में तेजी आई। बीते एक महीने में सेंसेक्स 15% या 11,228 अंक बढ़कर 82,520 के स्तर पर पहुंच गया है, जिससे पिछले 10 महीनों में हुई गिरावट की लगभग भरपाई हो गई है।
बता दें कि अमेरिका ने कहा है कि वो ईरान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई नहीं करेगा, जिससे मिडिल ईस्ट से तेल की सप्लाई रुकने या प्रभावित होने का डर कम हो गया है। इस खबर के बाद ब्रेंट क्रूड तेल की कीमतें घटकर दो महीने के निचले स्तर यानी 89.16 डॉलर प्रति बैरल पर आ गईं हैं।भारत अपनी जरूरत का 80% से ज्यादा कच्चा तेल विदेशों से खरीदता है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में तेल सस्ता होने पर देश का आयात बिल घट सकता है, जो इकोनॉमी को मजबूती दे सकता है।