जानेमाने पंजाबी गायक दिलजान की सड़क हादसे में मौत हो गई है। मंगलवार को अमृतसर के पास एक एक्सीडेंट में सिंगर की मौत हो गई। दो अप्रैल को दिलजान का नया अल्बम रिलीज होने वाला था। बताया जा रहा है कि वे अमृतसर से करतारपुर की तरफ जा रहे थे। किसी काम से वे अकेले ही अमृतसर आए थे, और वापस लौट रहे थे। तभी मंगलवार तड़के पौने चार बजे जंडियाला गुरु के उनकी तेज रफ्तार कार एक डिवाइडर से टकरा गई, जिसमें वे गंभीर रुप से घायल हो गए और हादसे में उनकी मौत हो गई। वे करतारपुर के ही रहने वाले थे। 

दिलजान की असमय मौत से हिन्दी और पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री में शोक की लहर है। उनके फैंस सोशल मीडिया पर उनके निधन पर दुख जता रहे हैं। सिंगर सुकशिंदर शिंदा ने भी शोक प्रकट किया है। इस घटना को बेहद दुर्भाग्यपूर्ण समाचार बताया है। तीन दिन बाद दो अप्रैल को दिलजान का नया गाना रिलीज होने वाला था। वे अपने नए गाने तेरे वरगे को लेकर वो काफी एक्साइटेड थे।

देश विदेश में दिलजान की फैन फॉलोइंग काफी थी। उन्होंने आधा पिंड, यारां दी गल, शूं करके, धरती, तेरे शहर, हर पल, फर्स्ट लव, मेरा दिल जैसे कई हिट नंबर्स में आवाज दी है। उनका गाया साई के दीवाने गाना भी फैंस ने खूब पसंद किया था। वे अवाज पिंड दी का भी हिस्सा रह चुके हैं। उनके सिंगिग करियर की शुरुआत 2012 में हुई थी। वे टीवी रियलिटी शो सुरक्षेत्र के विनर थे। सुरक्षेत्र में इंडिया और पाकिस्तान के बीच हुए सिंगिग काम्पटीशन था। इस शो के बाद वे रातों-रात स्टार बन गए थे। वे इंडिया के बेहतरीन सिंगर्स में से एक थे।आशा भोसलें ने भी उनकी गायकी की तारीफ की थी।