मुंबई। भारतीय शेयर बाजार में पिछले कुछ हफ्तों से जारी तेजी पर एक तरह से ब्रेक लगा। दोनों प्रमुख सूचकांक BSE Sensex और NSE Nifty शुक्रवार को लाल रंग के निशान पर बंद हुए। आज सुबह दोनों इंडेक्स गिरावट के साथ खुले थे और कारोबार बंद होने के समय भी गिरावट पर ही थे।
हफ्ते के आखिरी कारोबारी दिन शुक्रवार को सेंसेक्स 690 अंक गिरकर 82,500 के स्तर पर बंद हुआ। निफ्टी में 205 अंक की गिरावट रही, ये 25,150 के स्तर पर बंद हुआ। सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 23 शेयरों में गिरावट और 7 में तेजी रही। TCS, महिंद्रा और टाटा मोटर्स सहित कुल 14 शेयरों में 1% से 3.5% तक की गिरावट रही। हिंदुस्तान यूनिलीवर 4.65% ऊपर बंद हुआ।
निफ्टी के 50 शेयरों में से 39 में गिरावट और 11 में तेजी रही। NSE के IT में 1.78%, ऑटो में 1.77%, मीडिया में 1.60% और रियल्टी शेयर में 1.21% की गिरावट रही। वहीं, FMCG, फार्मा और हेल्थकेयर में तेजी चढ़कर बंद हुए।
एशियाई बाजारों में जापान का निक्केई 0.19% नीचे 39,570 के स्तर पर और कोरिया का कोस्पी 0.23% गिरकर 3,176 पर बंद हुआ। हॉन्गकॉन्ग का हैंगसेंग इंडेक्स 0.46% चढ़कर 24,140 पर और चीन का शंघाई कंपोजिट 0.014% ऊपर 3,510 पर बंद हुआ। वहीं, अमेरिकी बाजार की बात करें तो 10 जुलाई को अमेरिका का डाउ जोन्स 0.43% ऊपर 44,651 पर बंद हुआ। वहीं, नैस्डेक कंपोजिट 0.094%चढ़कर 20,631 पर और S&P 500 0.27% ऊपर 6,280 पर बंद हुए।