रायपुर। देश के किसान जहां एक तरफ MSP पर कानून बनाने की मांग कर रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार प्रदेश के 94 प्रतिशत से ज्यादा किसानों से धान खरीदी करने का दावा कर रही है।मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने घोषणा की है कि इस साल सरकार प्रदेश के 94% से ज्यादा किसानों से समर्थन मूल्य पर धान खरीदेगी। इसे लेकर भूपेश बघेल ने एक ट्वीट किया है, उनका कहना है कि सरकार प्रदेश के ज्यादा से ज्यादा किसानों से धान खरीदी कर उनका सपना साकार कर रही है।



किसानों को सशक्त बनाने का काम प्रदेश में किया जा रहा है। सीएम भूपेश बघेल का कहना है कि प्रदेश में धान बेचने वालों की संख्या 12 लाख से बढ़कर 18.38 लाख हो गई है। यह खेती के लाभ का धंधा बनने का ही नतीजा है कि जो किसान घाटा होने की वजह से खेती छोड़ चुके थे वे भी खेती की तरफ लौट रहे हैं।





 



इस साल प्रदेश में 2500 रुपए प्रति क्विंटल की दर से किसानों से धान खरीदी जाएगी। वहीं दिवाली के मौके पर मुख्यमंत्री ने किसानों से वादा किया है कि अगले सीजन में किसानों से 2800 रुपए की दर से धान खरीदी जाएगी। प्रदेश में 105 लाख मीट्रिक टन से ज्यादा की धान खरीदने का लक्ष्य है।



एक दिसंबस से शुरू होने वाली धान खरीदी की तैयारी की जा रही है। प्रदेश में बारदाने की कमी से निपटने के लिए केंद्र में अतिरिक्त बारदानों की मांग की गई है। वहीं किसानों से अपील की गई है कि किसी भी तरह की असुविधा से बचने के लिए अपने साथ बारदाने लेकर आएं।वहीं छत्तीसगढ़ में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू होने से पहले मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ की सीमा सील की जा रही हैं, ताकि प्रदेश के किसानों को ही लाभ मिले।