अमेरिका में एयर ट्रैफिक कंट्रोल के कम्युनिकेशन सिस्टम में तकनीकी खराबी के चलते शुक्रवार को देशभर में हवाई यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ। यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) ने चार घंटे से अधिक समय तक विमानों की उड़ान पर रोक लगा दी थी। इस दौरान 8 हजार से ज्यादा फ्लाइट्स रद्द करनी पड़ीं थी। जबकि, करीब 15 लाख यात्री इस व्यवधान से प्रभावित हुए।

शुक्रवार रात प्रतिबंध हटने के बाद एयरलाइंस ने धीरे धीरे अपनी सेवाएं शुरू की लेकिन उड़ानों का पूरा शेड्यूल पटरी पर नहीं लौट सका। कई कंपनियों ने शनिवार को भी फ्लाइट्स में देरी और कैंसिलेशन की आशंका जताई है। ऐसे में वीकेंड पर यात्रा करने वाले यात्रियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।

उड़ानों पर लगी रोक हटने के बाद एयरलाइंस ने अपनी सेवाएं सामान्य करने की प्रक्रिया शुरू की। डेल्टा एयरलाइंस ने बताया कि उसकी निर्धारित उड़ानें दोबारा शुरू हो चुकी हैं। कंपनी ने यात्रियों को फ्लाइट से जुड़ी ताजा जानकारी के लिए अपनी वेबसाइट और मोबाइल ऐप पर नजर रखने को कहा है।

यूनाइटेड एयरलाइंस ने भी शुक्रवार रात से कुछ उड़ानों का संचालन बहाल कर दिया। हालांकि, कंपनी के मुताबिक शनिवार को भी देरी की स्थिति बन सकती है। जिन यात्रियों को यात्रा में बदलाव की छूट दी गई है वे बिना अतिरिक्त परेशानी के अपनी बुकिंग की तारीख बदल सकते हैं।

फ्रंटियर एयरलाइंस ने कहा कि उसकी टीमें उड़ानों का संचालन सामान्य करने में लगी हैं। कंपनी ने यात्रियों को ईमेल और फ्लाइट स्टेटस के जरिए अपडेट लेते रहने की सलाह दी है। वहीं, जेटब्लू एयरवेज ने शुक्रवार की शेष सभी उड़ानें रद्द कर दी। कंपनी ने शनिवार को भी सेवाएं प्रभावित रहने की आशंका जताई है।

अमेरिका में देशव्यापी स्तर पर हवाई सेवाएं रोकने की यह घटना 11 सितंबर 2001 के आतंकी हमलों के बाद दूसरी बार हुई है। इससे पहले जनवरी 2023 में भी FAA के मुख्य कंप्यूटर सिस्टम में तकनीकी गड़बड़ी के कारण देशभर की उड़ानों पर रोक लगानी पड़ी थी।

इस बार एयर ट्रैफिक कंट्रोल के कम्युनिकेशन सिस्टम में आई खराबी ने हवाई यातायात व्यवस्था की तकनीकी कमजोरियों को फिर सामने ला दिया है। सुरक्षा के मद्देनजर FAA के फैसले के कारण हजारों उड़ानों का संचालन प्रभावित हुआ।

इस घटना के बीच अमेरिका में एयर ट्रैफिक कंट्रोल व्यवस्था को आधुनिक बनाने की जरूरत पर भी जोर दिया जा रहा है। अमेरिकी परिवहन मंत्री सीन डफी ने सिस्टम को अपग्रेड करने के लिए 50 अरब डॉलर के निवेश की मांग की है। वहीं, राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने इस काम के लिए कांग्रेस से 30 अरब डॉलर का बजट मांगा है।

सीन डफी का कहना है कि मौजूदा व्यवस्था में केवल छोटी मोटी मरम्मत करने से काम नहीं चलेगा। हवाई यातायात को सुरक्षित और सुचारु बनाए रखने के लिए पूरे सिस्टम को आधुनिक तकनीक के साथ नए सिरे से तैयार करना जरूरी है।

इससे पहले अमेरिकी कांग्रेस ने एयर ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम में सुधार के लिए 12.5 अरब डॉलर की राशि मंजूर की थी। ताजा तकनीकी खराबी के बाद अब इस व्यवस्था के व्यापक आधुनिकीकरण और अतिरिक्त निवेश की मांग तेज हो गई है।