मौसम के करवट लेने के बाद से ही पूर्वोत्तर भारत में लगातार बारिश होने की वजह से हालात बिगड़ गए हैं। लगातार हो रही बारिश की वजह से असम में बाढ़ का संकट खड़ा हो गया है। असम की स्टेट डिजास्टर मैनेजमेंट अथॉरिटी (एसडीएमए) के अनुसार असम में आई बाढ़ से राज्य की 9 लाख़ से ज़्यादा की आबादी प्रभावित है। वहीं राज्य के कुल 23 ज़िले बाढ़ की चपेट में आ गए हैं।



ये ज़िले बाढ़ की चपेट में



असम में बाढ़ के कहर से 23 ज़िले के तकरीबन 9 लाख 26 हज़ार से ज़्यादा लोग प्रभावित हैं। धेमाजी, लखीमपुर, बिश्वनाथ, उदलगुरी, दर्रांग, नालबारी, बारपेटा, बोंगाईगांव, कोकराझार, धुबरी, दक्षिण सलमारा, गोलपारा, कामरूप, मोरीगांव, होजई, नागांव, नागालोन, नौगांवा, माजुली, शिवसागर, डिब्रूगढ़, तिनसुकिया और पश्चिम कार्बी आंगलोंग ज़िले बाढ़ की चपेट में आ चुके हैं। ऐसे में आम लोगों की ज़िंदगी बुरी तरह से प्रभावित हो गई है। लोगों को काफी मुश्किलों व परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।



बाढ़ की वजह से फसल बर्बाद, राहत कार्य जारी



 बाढ़ की वजह से किसानों की हज़ारों हेक्टेयर की फसल बर्बाद हो चुकी है। एसडीएमए के मुताबिक अब तक राज्य में 68 हज़ार हेक्टेयर से ज़्यादा फसल की बर्बादी हो चुकी है। इसी बीच राज्य सरकार लगातार राहत के कार्य में जुटी हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार अब तक राज्य के 12 ज़िलों में कुल 193 रिलीफ कैंप बनाए गए हैं।



अमित शाह ने राज्य की स्थिति का जायज़ा लिया



असम में ब्रह्मपुत्र नदी ख़तरे के निशान पर पहुंच गई है। ब्रह्मपुत्र का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। राज्य के हालात का जायज़ा लेने के मद्देनजर कल गृह मंत्री अमित शाह ने मुख्यमंत्री सर्बानंद सोनवाल और मंत्री हिमंत बिस्व शर्मा से बातचीत की। गृह मंत्री ने फोन पर बातचीत कर केंद्र सरकार की तरफ से हर संभव मदद का आश्वासन दिया। अमित शाह ने इसकी जानकारी खुद ट्वीट कर दी। अमित शाह ने ट्वीट कर कहा कि ' मोदी सरकार असम के लोगों के साथ मजबूती के साथ खड़ी है।'