ढाका। बांग्लादेश की राजधानी ढाका से कुछ दूरी पर गुरुवार शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहां एक फ़ूड एंड बेवरेज फैक्ट्री की बहुमंजिला इमारत में भीषण आग लग गई। इस घटना में अबतक कम स कम 52 लोगों की मौत हो गई वहीं 50 से अधिक लोग घायल हैं। स्थिति के भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि जान बचाने के लिए लोग छठवीं मंजिल से नीचे कूदने लगे थे।

दमकल अधिकारियों के अनुसार नारायणगंज के रूपगंज में शेजान फ़ूड एंड बेवरेज फैक्ट्री में गुरुवार शाम करीब 5 बजे आग लगने की खबर मिली। फायर डिपार्टमेंट तत्काल मौके पर पहुंचकर आग को बुझाने में जुट गया। अबतक करीब 25 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। इस घटना में कितने लोगों की मौत हुई यह आंकलन करना मुश्किल है। एक बार आग पर काबू पा लेने के बाद ही फैक्ट्री के भीतर जाकर पता चलेगा कि कितने लोगों मारे गए हैं। 

अधिकारियों के मुताबिक कई लोग जान बचाने के लिए छठवीं मंजिल से कूद गए, जिस वजह से भी किसी की मौत हुई, किसी की हड्डियां चकनाचूर हुई तो कोई गंभीर रूप से घायल हो गया। आग को बुझाने के लिए दमकल की 18 गाड़ियां लगी हुईं हैं। ढाका ट्रिब्यून’ की खबर के अनुसार, इस हादसे में 52 लोगों की मौत हो गई और 50 से अधिक लोग झुलस गए हैं। 

बताया जा रहा है कि जिस वक्त फैक्ट्री में आग लगी तब वहां करीब 1000 कर्मचारी काम कर रहे थे। लेकिन जैसे ही बचावकर्मी तीसरी मंजिल पर पहुंचे अचानक से मृतकों की संख्या बढ़ने लगी। तीसरे तल पर बचावकर्मियों को 49 कर्मचारियों के शव मिले। चूंकि सीढ़ी पर लगे एग्जिट डोर बंद थे इस वजह से कर्मचारी छतों की तरफ नहीं भाग सके और निचले तल पर तेज आग धधक रही थी, इसलिए वह नीचे भी नहीं जा सके। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि आग किस वजह से लगी।