वॉशिंगटन। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ओर से लागू किए गए नए टैरिफ के चलते ट्रेड वॉर गहराने और अमेरिकी अर्थव्यवस्था में मंदी आने का डर पैदा हो गया है। इस डर के बीच गुरुवार को अमेरिकी शेयर बाजार में हाहाकार मच गया। अमेरिकी शेयर बाजार का इंडेक्स डाउ जोन्स 1,679 पॉइंट (3.98%) गिरकर 40,545 के स्तर पर बंद हुआ।

वहीं, S&P 500 इंडेक्स में 274 पॉइंट (4.84%) की गिरावट रही। ये 5,450 के स्तर पर आ गया। नैस्डेक कंपोजिट सबसे ज्यादा 1,050 अंक (5.97%) गिरकर बंद हुआ। नाइकी, बोइंग, एपल और अमेजन जैसी कंपनियों के शेयरों में 15% तक की गिरावट आई। एयरलाइन, क्लोदिंग, रिटेल, टेक्नोलॉजी, बैंक सभी सेक्टर के शेयरों में गिरावट आई।

यह भी पढ़ें: अमेरिका ने भारत पर 26 फीसदी टैरिफ लगाया, 9 अप्रैल से लागू होगा बदलाव

इस गिरावट से अमेरिकी शेयर बाजार का मार्केट कैप करीब 2 ट्रिलियन डॉलर (170 लाख करोड़ रुपए) कम हो गया। यानी निवेशकों के 2 ट्रिलियन डॉलर डूब गए। ट्रंप के टैरिफ का असर दुनिया भर के बाजारों पर दिख रहा है। चीन के शेयर बाजारों में गिरावट रही. हैंगसैंग में 1.54 फीसदी तो शंघाई कंपोजिट में 0.24 फीसदी गिरावट आई है। इसके अलावा भारत समेत एशिया के बाकी अहम बाजारों में गिरावट है।

अमेरिकी की ओर से टैरिफ लगाने के ऐलान के बाद दूसरे देश भी जवाबी टैरिफ लगा सकते हैं। यानी अमेरिका ने अगर भारत पर 26 फीसदी टैरिफ लगाया है, तो भारत भी अमेरिकी सामानों पर शुल्क और ज्यादा बढ़ा सकता है। इससे ग्लोबल ट्रेड में रुकावट आ सकती है, जिससे सप्लाई चेन प्रभावित होगी। इस अनिश्चितता से निवेशक घबरा गए है और उन्होंने शेयर बाजार से पैसा निकालना शुरू कर दिया है।