देश की राजधानी एक बार फिर भूकंप के झटकों से दहल गई है। शुक्रवार रात 9 बजकर 8 मिनट पर यह झटके महसूस किए गए। भूकंप के झटके दिल्ली, गाजियाबाद, गुरुग्राम, नोएडा समेत हरियाणा और पंजाब में भी महसूस किए गए। रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 4.6 मापी गयी है। राजधानी दिल्‍ली करीब 8 मिनट हिलती रही। लॉकडाउन में मई माह के दौरान राजधानी में यह चौथी बार है जब भूकंप के झटके महसूस किए गए हैं।

शुक्रवार को रात करीब 9.8 बजे राजधानी दिल्ली के लोग भूकंप के झटके महसूस होने के बाद घरों से बाहर निकल आए। वैज्ञानिकों ने भूकंप का केंद्र हरियाणा के रोहतक को बताया है। बताया जा रहा है कि भूकंप का तीव्रता अगर 5 से ऊपर होती तो राजधानी में काफी नुकसान हो सकता था। भूकंप के झटके करीब सात से आठ मिनट तक महसूस किए गए। सोशल मीडिया पर थोड़े देर में ही भूकंप के पोस्ट्स की झाड़ियां लग गयी। लोग अलग-अलग तरह से अपने अनुभवों को साझा कर रहे हैं नतीजन भारत में ट्विटर पर EarthQuake ट्रेंड कर रहा है।

गौरतलब है कि लॉकडाउन के दौरान यह चौथी बार है जब राजधानी में भूकंप के झटके महसूस किए गए हैं। इसके पहले 15 मई, 10 मई, 13 अप्रैल व 14 अप्रैल को क्रमशः 2.2, 3.4, 3.5, 2.7 की तीव्रता के भूकंप आए थे। भू-वैज्ञानिक दिल्ली को भूकंप के लिहाज से ज्यादा संवेदनशील मानते हैं।