पेरिस। फ्रांस में अब एक बार फिर से कोरोना वायरस बेकाबू हो गया है। फ्रांस में अचानक कोरोना संक्रमित लोगों की तादाद के साथ ही महामारी की वजह से मरने वालों की संख्या भी बढ़ने लगी है। बीते चौबीस घंटे में ही फ्रांस में 21 हजार 231 नए कोरोना केस सामने आए हैं। वहीं 328 संक्रमितों ने अपनी जान गंवाई है। इससे एक दिन पहले यानी शुक्रवार को फ्रांस में 20 हजार 701 मामले सामने आए थे और 310 लोगों की मौत हो गई थी।

रिपोर्ट्स के मुताबिक एक ही दिन में फ्रांस में अस्पतालों में भर्ती मरीजों की संख्या में रिकॉर्ड बढ़ोतरी दर्ज की गई है। हेल्थ मिनिस्ट्री के मुताबिक आज 10 हजार मरीज बढ़े हैं, वहीं मृतकों की संख्या में भी बेतहाशा वृद्धि हुई है। इनसब के बीच फ्रांस सरकार ने साफ कर दिया है कि देश में लॉकडाउन नहीं लगाया जाएगा। वैक्सीनेशन के बावजूद फ्रांस में बेकाबू हो रहे कोरोना वायरस ने सारी दुनिया को चिंता में डाल दिया है। 

अकेले फ्रांस ही नहीं दुनियाभर में कई ऐसे देश हैं, जहां वैक्सीनेशन के बीच कोरोना के मामलों में वृद्धि होने लगी है। कोरोना संक्रमण की बढ़ती रफ्तार को देखते हुए अमेरिका, कनाडा और मैक्सिको ने देश में 21 मार्च तक पाबंदियां बढ़ा दी हैं। इन देशों में नागरिकों को गैर-जरूरी कामों के लिए ट्रैवल करने की अनुमति नहीं होगी। अबतक यह पाबंदी 21 फरवरी तक ही थी।

अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन ने एलान किया है कि जुलाई तक देश के सभी नागरिकों को कोरोना की वैक्सीन लगा दी जाएगी। उन्होंने दावा किया है कि सरकार इसके लिए पूरी तरह से तैयार है। फाइजर कंपनी ने अमेरिका को हर हफ्ते एक करोड़ डोज देने की बात कही है। अमेरिका में अबतक सर्वाधिक 5.70 करोड़ लोगों को टीका लगाया जा चुका है। दूसरे नंबर पर चीन है, जहां 4 करोड़ लोगों तक वैक्सीन पहुंच चुकी है। भारत में अब तक मात्र 1.04 करोड़ लोगों को ही वैक्सीन मिल पाई है। 

सारी दुनिया में अबतक 11 करोड़ 12 लाख से ज्यादा लोगों को कोरोना ने अपनी चपेट में लिया है। इनमें 24 लाख 62 हजार लोगों की मौत हो चुकी है। इनमें 8 करोड़ 61 लाख लोग स्वस्थ हो चुके हैं वहीं 2 लाख 26 मरीज इलाजरत हैं। दुनियाभर में 19 करोड़ लोगों को वैक्सीन भी लगाई जा चुकी है। कोरोना संक्रमण के शुरुआती फैलाव को लेकर अब भी कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। विश्व स्वास्थ्य संगठन को आशंका है कि चीन के वुहान मार्केट में बेचे गए फैरेट बैजर्स और खरगोश से कोरोना वायरस इंसानों में फैला।

कोरोना वायरस से सबसे बुरी तरह से प्रभावित देशों की सूची देखें तो संक्रमण के मामले में भारत दूसरे और मौत के मामले में तीसरे नंबर पर है। सबसे ज्यादा प्रभावित देश अमेरिका में अबतक 2 करोड़ 86 लाख से ज्यादा लोग संक्रमित हुए हैं, वहीं मृतकों की संख्या पांच लाख को पार कर गई है। भारत में एक करोड़ 9 लाख से ज्यादा लोग संक्रमित हुए हैं और करीब 1 लाख 56 हजार लोगों की मौत हुई है। ब्राजील में 1 करोड़ 30 हजार लोग संक्रमित हुए और 2 लाख 43 हजार से अधिक लोगों ने जान गंवाई।