नई दिल्ली। कोरोना से जूझ रहे भारत की मदद के लिए दुनिया भर से कई देश सामने आ चुके हैं। अब इस लिस्ट में फ्रांस का भी नाम शामिल हो गया है। फ्रांस ने भारत को मेडिकल उपकरण, वेंटिलेटर, ऑक्सीजन और ऑक्सीजन जेनरेटर भेजने का फैसला किया है। उससे बड़ी दिलचस्प बात यह कि फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने इस बात की जानकारी अपने फेसबुक पोस्ट में हिंदी में लिखकर दी है। 



फ्रांसीसी राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने अपने हिंदी में लिखे हुए पोस्ट में कोरोना से जूझ रहे भारतीय लोगों का हौसला बढ़ाया है। इमैनुएल मैक्रों ने कहा है कि इस लड़ाई को हम एक साथ मिलकर जीतेंगे। मैक्रों ने कहा कि हम जिस महामारी से गुज़र रहे हैं, उससे कोई भी अछूता नहीं है। उन्होंने आगे लिखा कि हम जानते हैं कि इस समय भारत एक मुश्किल दौर से गुज़र रहा है। फ्रांस और भारत हमेशा एकजुट रहे हैं। हम अपनी सहायता प्रदान करने के लिए तत्परता से जुट रहे हैं। 





फ्रांसीसी राष्ट्रपति ने लिखा कि फ्रांस भारत को मेडिकल उपकरण, वेंटिलेटर, ऑक्सीजन और 8 ऑक्सीजन जेनरेटर भेजेगा। प्रत्येक जेनरेटर परिवेशी वायु से ऑक्सीजन का उत्पादन करके एक अस्पताल को 10 साल तक आत्मनिर्भर बनाया जा सकता है। इमैनुएल मैक्रों ने कहा कि उनकी सरकार के तमाम मंत्रालय के विभाग कड़ी मेहनत कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि एकजुटता हमारे केंद्र में है। यह हमारे देशों के बीच मित्रता के केंद्र में है। हम एक साथ मिलकर जीतेंगे।