अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के व्यापार सलाहकार पीटर नवारो ने भारत के रूसी तेल ख़रीदने पर एक बार फिर बयान दिया है। इस बार नवारो ने भारतीय ब्राह्मणों पर रूसी तेल खरीद में मुनाफाखोरी का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि भारत के ब्राह्मण रूसी तेल से मुनाफा कमा रहे हैं, जिसकी कीमत पूरा भारत चुका रहा है।

फ़ॉक्स न्यूज़ संडे को दिए एक इंटरव्यू में पीटर नवारो ने आगे कहा कि भारत रूस से तेल खरीदकर उसे यूक्रेन पर हमला करने के लिए पैसे दे रहा है। इसलिए सबसे ज्यादा टैरिफ झेल रहा है। इससे रूस और अमेरिका को नुकसान नहीं हो रहा है, बल्कि आम भारतीयों को हो रहा है। यह बात उन्हें समझनी चाहिए।

पीटर नवारो ने आगे कहा कि पीएम मोदी एक महान नेता हैं। ये समझ नहीं आ रहा है कि भारतीय नेता रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के साथ कैसे सहयोग कर रहे हैं? जबकि भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र है। नवारो ने कहा, 'तो मैं बस इतना ही कहूंगा, भारतीय लोगों, कृपया समझें कि यहाँ क्या हो रहा है। ब्राह्मण, भारतीय लोगों की क़ीमत पर मुनाफ़ा कमा रहे हैं। हमें इसे रोकना होगा।

बता दें कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की व्यापार और टैरिफ़ नीतियों को लेकर अमेरिका और भारत के बीच संबंधों में आई दरार के बाद नवारो पिछले कुछ दिनों से लगातार भारत पर निशाना साध रहे हैं। ट्रंप ने भारत पर 25 प्रतिशत रेसिप्रोकल टैरिफ़ लगाया था। बाद में भारत के रूसी तेल ख़रीदने पर 25 प्रतिशत अतिरिक्त टैरिफ़ लगाया है। जबकि भारत ने इसे अनुचित और अव्यावहारिक कहा है। भारत का कहना है कि हमें जहाँ से भी सस्ता तेल मिलेगा, हम खरीदना जारी रखेंगे।