नागपुर। महाराष्ट्र के नागपुर जिले से एक बेहद दर्दनाक खबर सामने आई है। यहां काटोल इलाके में स्थित एक बारूद बनाने वाली फैक्ट्री में अचानक भीषण विस्फोट हो गया। इस हादसे में अब तक 15 मजदूरों की जान जा चुकी है, जबकि 18 से ज्यादा लोग गंभीर रूप से घायल हैं। घायलों को तुरंत पास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहाँ कई की हालत नाजुक बनी हुई है।

जानकारी के अनुसार, यह घटना 'SBL एनर्जी' नाम की कंपनी में हुई. यहां रोजाना की तरह बारूद बनाने का काम चल रहा था, तभी अचानक एक जोरदार धमाका हुआ। धमाका इतना शक्तिशाली था कि पूरी फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। नागपुर ग्रामीण के एसपी हर्ष पोद्दार ने पुष्टि की है कि मलबे और आग की चपेट में आने से 15 लोगों की मौत हो गई है। मौके पर अभी भी राहत और बचाव कार्य जारी है।

हादसे की जानकारी मिलते ही प्रशासन में खलबली मच गई। पालक मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने अधिकारियों से बात कर फौरन मदद पहुंचाने के निर्देश दिए हैं। जिला कलेक्टर भी घटनास्थल के लिए रवाना हो गए हैं। यह फैक्ट्री नागपुर शहर से करीब 80 किलोमीटर दूर स्थित है। आशंका जताई जा रही है कि मलबे में अभी कुछ और लोग दबे हो सकते हैं, जिससे मरने वालों का आंकड़ा बढ़ सकता है।

फायर ब्रिगेड ने बताया कि ब्लास्ट से कंपनी में चारों तरफ मलबा फैल गया है। मलबे में दबे कुछ कर्मचारियों को निकाला गया है। 15 घायलों को नागपुर के अस्पताल ले जाया गया है। पीएम मोदी ने घटना पर शोक जताया है। साथ ही मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये और घायलों को ₹50 हजार की सहायता राशि देने की घोषणा की।