चेन्नई। तमिलनाडु में चुनाव से पहले बड़ा सियासी उलटफेर देखने को मिल रहा है। राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री और AIADMK के निष्कासित नेता ओ. पन्नीरसेल्वम (OPS) DMK में शामिल हो गए हैं। वे शुक्रवार को चेन्नई स्थित पार्टी कार्यालय पहुंचे जहां वो आधिकारिक तौर पर DMK में शामिल हुए। 2026 के विधानसभा चुनावों से पहले इस घटनाक्रम को राजनीतिक रूप से बेहद अहम माना जा रहा है।

जे. जयललिता के करीबी और तीन बार तमिलनाडु के मुख्यमंत्री रहे OPS को 2022 में पार्टी के भीतर शक्ति संघर्ष के बाद एडप्पादी के. पलानीस्वामी (EPS) गुट ने AIADMK से निष्कासित कर दिया था। इसके बाद से वे अलग-थलग पड़े थे। शुक्रवार सुबह उन्हें एक होटल से निकलते देखा गया, जिसके बाद उनके DMK में शामिल होने की अटकलें तेज हो गईं।

DMK में शामिल होने से पहले OPS ने AIADMK नेतृत्व पर अप्रत्यक्ष हमला बोलते हुए कहा कि पार्टी संस्थापक एम.जी. रामचंद्रन द्वारा बनाए गए नियमों को गलत तरीके से बदला गया। वे कभी भी पार्टी कार्यकर्ताओं के खिलाफ नहीं गए। यदि कोई उनकी गलती साबित कर दे तो वे राजनीति छोड़ देंगे। OPS ने जयललिता की 78वीं जयंती पर उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की और यह स्पष्ट किया कि वे कोई नई पार्टी शुरू नहीं करेंगे।

बता दें कि तमिलनाडु की 234 सीटों वाली विधानसभा के चुनाव 2026 की पहली छमाही में होने वाले हैं। वर्तमान में सत्तारूढ़ DMK गठबंधन 'ड्रविड़ियन मॉडल 2.0' के साथ मैदान में उतरने की तैयारी कर रहा है। BJP-AIADMK गठबंधन आंतरिक मतभेदों के बाद अपनी जमीन फिर से मजबूत करने की कोशिश में है। अभिनेता विजय की नई पार्टी TVK के मैदान में आने से मुकाबला त्रिकोणीय होने के आसार हैं।

इससे पहले 2021 के विधानसभा चुनावों में DMK ने 133 सीटें जीती थीं। गठबंधन के साथ कुल आंकड़ा 159 रहा था। वहीं NDA ने 75 सीटें जीतीं, जिनमें AIADMK की हिस्सेदारी 66 सीटें रही। ऐसे में OPS का DMK में शामिल होना विपक्षी खेमे की रणनीतियों और समीकरणों में बड़ा बदलाव ला सकता है।