अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच बढ़ते सैन्य तनाव का असर अब वैश्विक हवाई सेवाओं पर साफ दिखाई देने लगा है। खाड़ी क्षेत्र में बिगड़ते सुरक्षा हालात के बीच दुबई आने-जाने वाली कई अंतरराष्ट्रीय उड़ानें अचानक रद कर दी गई हैं। इसका सीधा असर भारत लौटने वाले यात्रियों पर पड़ा है। जिनमें मध्य प्रदेश के इंदौर के पूर्व विधायक संजय शुक्ला सहित शहर के कई उद्योगपति और व्यापारी दुबई में फंस गए हैं।
जानकारी के अनुसार, शारजाह से इंदौर आने वाली एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट संख्या IX-256 को अचानक रद कर दिया गया है। फ्लाइट कैंसिल होने से यात्रियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ा और उनकी भारत वापसी फिलहाल टल गई। क्षेत्र में बढ़ते तनाव को देखते हुए दुबई में सुरक्षा सतर्कता बढ़ा दी गई है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, एहतियातन एयरपोर्ट संचालन पर अस्थायी रोक लगाई गई है। जिसके कारण कई अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को अनिश्चित समय के लिए स्थगित करना पड़ा।
बताया जा रहा है कि इंदौर के पूर्व विधायक संजय शुक्ला एक निजी शादी समारोह में शामिल होने दुबई गए थे। उनके साथ पूर्व विधायक विशाल पटेल, प्रवीण कक्कड़, पिंटू छाबड़ा, मनीष शाहरा, गोलू पाटनी और संजय अग्रवाल सहित इंदौर के कई प्रमुख कारोबारी भी मौजूद थे। उड़ान रद होने के बाद सभी लोग वहीं रुके हुए हैं और स्थिति सामान्य होने का इंतजार कर रहे हैं।
घटना की जानकारी सामने आने के बाद इंदौर में उनके परिजनों और समर्थकों के बीच चिंता का माहौल बन गया। इस बीच संजय शुक्ला ने सोशल मीडिया के जरिए लोगों को आश्वस्त किया कि वे, उनके पुत्र आकाश और उनके साथ मौजूद सभी लोग पूरी तरह सुरक्षित हैं। उन्होंने अपने संदेश में बताया कि अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों के कारण दुबई एयरपोर्ट अस्थायी रूप से बंद है। जिसकी वजह से फिलहाल भारत लौटना संभव नहीं हो पाया है। उन्होंने यह भी कहा कि दुबई सरकार और भारत सरकार की ओर से पूरा सहयोग मिल रहा है तथा परिस्थितियां सामान्य होते ही वे जल्द इंदौर लौटेंगे। साथ ही उन्होंने इंदौरवासियों से किसी भी तरह की चिंता न करने की अपील की।
इधर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हालात और गंभीर होते दिखाई दे रहे हैं। ईरान के सरकारी मीडिया की रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिका-इजरायल के हमलों में ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई बेटी, दामाद और पोती समेत मारे गए हैं। रिपोर्ट में यह भी दावा किया गया है कि हमलों में ईरान के रक्षा मंत्री की भी मौत हुई है।